पूर्वी अफ्रीकी देश इथियोपिया में हुए ज्वालामुखी विस्फोट के कारण एअर इंडिया, इंडिगो समेत कई विमानन कंपनियों की उड़ान सेवा प्रभावित हुई है। इन कंपनियों के अलावा अकासा एयर और KLM ने भी ज्वालामुखी विस्फोट के बाद धुएं के गुबार के कारण कुछ फ्लाइट्स कैंसिल करने का एलान किया। विमानन कंपनियों के अलावा एयरपोर्ट प्रबंधन और DGCA की तरफ से भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
DGCA ने अपने परामर्श में क्या कहा?
पूरे मामले पर देश के विमानन महानिदेशालय (DGCA) की भी पैनी नजर है। सोमवार देर शाम इस शीर्ष नियामक ने भी एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधनों को इथियोपिया ज्वालामुखी विस्फोट के बाद एडवाइजरी जारी की। राख और धुएं के गुबार के बीच विमान संचालन और संभावित दिक्कतों से निपटने को लेकर जारी इस परामर्श में कहा गया, ज्वालामुखी की राख से प्रभावित इलाकों को देखते हुए फ्लाइट की ऊंचाई से जुड़े मानकों का सख्त अनुपालन करें। विमानन कंपनियों को हालात की जानकारी और संबंधित एडवाइजरी के आधार पर फ्लाइट प्लानिंग, रूटिंग और फ्यूल से जुड़ी योजनाओं को भी दुरुस्त करने को कहा गया है।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की एडवाइजरी में शामिल कुछ अहम बातें:
अकासा एयर ने जेद्दा, कुवैत और अबू धाबी के विमान रद्द किए
इसके अलावा अकासा एयर की तरफ से जारी बयान में कहा गया, इथियोपिया में ज्वालामुखी विस्फोट के बाद एयरस्पेस में राख के गुबार की खबरें हैं। इस कारण 24 और 25 नवंबर को जेद्दा, कुवैत और अबू धाबी आने-जाने वाले विमानों को रद्द कर दिया गया है। टीमें इंटरनेशनल एविएशन एडवाइजरी और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए स्थिति का आकलन कर रही हैं। हालात की समीक्षा के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
एम्स्टर्डम से दिल्ली आने वाली उड़ान रद्द
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इंडिगो ने पश्चिम एशिया जाने वाली कुछ उड़ानों को रद्द कर दिया है। नीदरलैंड की विमानन कंपनी- केएलएम ने ज्वालामुखी की राख के कारण एम्स्टर्डम से दिल्ली आने वाली उड़ान रद्द करने का एलान किया।
दुबई से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
एक अन्य विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने कहा, इथियोपिया में ज्वालामुखी विस्फोट के कारण अरब देशों के कुछ हिस्से और एयरस्पेस में ज्वालामुखी की राख फैलने की खबरें हैं। इन क्षेत्रों से उड़ान भरने वाले विमानों के उड़ान संचालन पर असर पड़ सकता है। कंपनी हालात पर करीबी नजर रख रही है। कंपनी के मुताबिक दुबई (DXB) से आने-जाने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखें।