गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले की जेल से पांच कैदी बुधवार की सुबह फरार हो गए हैं। इनमें से चार हत्या के मामले में आरोपी थे और इनका ट्रायल चल रहा था। वो धरंगधरा की उप-जेल में बंद थे। धरंगधरा जेल के पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र देवधा ने कहा कि उन्होंने बैरक का ताला तोड़ा और जेल की दीवार चढ़कर भाग निकले।
उन्होंने कहा कि इनमें से चार कैदियों, नानजी देवीपुजक, संतू देवीपुजक, सावजी देवीपुजक और धर्म देवपुजक पर हत्या का मुकदमा दर्ज है और इनका ट्रायल चल रहा था। जबकि पांचवे कैदी प्रकाश कुशवाहा पर चोरी का मुकदमा दर्ज था।
देवधा ने कहा कि पांचो कैदी किसी तरह से बैरक के ताले तोड़ने में कामयाब रहे और फिर जेल की दीवार कूदकर भाग निकले। हमने उन्हें दबोचने के लिए टीमें बनाई हैं। कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के दौरान गुजरात में जेलब्रेक की यह दूसरी घटना है। एक मई को दाहोद जिले की एक उप-जेल से 13 कैदी भाग निकले थे। उनमें से नौ को बाद में पकड़ लिया गया था, लेकिन चार अभी भी फरार हैं।