जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए। सेना के एक अधिकारी ने आज बताया कि इसके साथ ही रात से जारी अभियान में मारे गए आतंकवादियों की संख्या बढ़ कर पांच हो गई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘शोपियां के किल्लूरा में अभियान में चार और आतंकवादी मारे गए हैं। एक आतंकवादी कल रात मारा गया था।’’ उन्होंने बताया कि अभियान अब भी जारी है। आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर कल रात सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों के सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं जिसके बाद तलाश अभियान मुठभेड़ में बदल गया।
शुक्रवार को दो अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन आतंकी मारे गए थे। जिनमें दो लश्कर व एक हिजबुल का आतंकी था। मुठभेड़ में एक जवान भी शहीद हुआ है जबकि दो घायल हुए हैं। मारे गए आतंकियों से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए थे।
उत्तरी कश्मीर में बारामुला जिले के सोपोर के दुर्सू गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स, एसओजी तथा सीआरपीएफ के जवानों ने वीरवार को देर रात घेराबंदी की। अंधेरा होने के चलते जनरेटर और फ्लड लाइट्स का इस्तेमाल किया गया। घेरा सख्त होता देख रात करीब साढ़े 12 बजे एक घर में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। मकान में छिपे दो आतंकियों ने अंधेरे में भागने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि रात भर रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही। शुक्रवार की सुबह दोबारा मुठभेड़ शुरू हुई। दूसरी ओर से गोलीबारी थम गई तो दो आतंकियों के मारे जाने की खबर आई। इस बीच, जवानों ने जब शव की बरामदगी के लिए तलाशी अभियान चलाया तो एक आतंकी ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसमें 22 आरआर के सिपाही विजय कुमार, सिपाही रणजीत और एसओजी का जवान इरफान अहमद वानी घायल हो गए। तीनों घायलों को श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल शिफ्ट किया गया। डीजीपी एसपी वैद ने बताया कि अस्पताल में विजय कुमार ने दम तोड़ दिया। सोपोर में 12 घंटे चली मुठभेड़ में आतंकियों के मारे जाने के बाद हिंसा की आशंका में सोपोर के सभी स्कूल-कालेज बंद कर दिए गए थे।