उत्तरी गोवा के पेरनेम में रेत खनन को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो पुलिस कांस्टेबल भी शामिल हैं। घायलों में एक व्यक्ति की गर्दन और दूसरे के हाथ व पेट में गोली लगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह हमला रेत खनन के झगड़े से जुड़ा था, जिससे स्थानीय किसानों की जमीन को नुकसान पहुंच रहा था।
उत्तरी गोवा के पेरनेम में रेत खनन विवाद में गोलीबारी के मामले में रविवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दो पुलिस कांस्टेबल भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
अधिकारी ने कहा, 28 अक्तूबर की रात करीब ढाई बजे पोरेसकोडेम में खाजने के निवासी रामऋषि पासवान (54 वर्षीय) ने दावा किया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनपर और उनके सहयोगी लालबाबू गॉड (37 वर्षीय) पर गोलीबारी की, जब वे तेरेखोल नदी के पास रेत निकाल रहे थे। पासवान की गर्दन में चोटें आईं, जबकि गॉड के दाहिने हाथ और पेट के किनारे गोली लगी। इसके बाद पेरनेम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक (उत्तर) राहुल गुप्ता ने बताया कि जांच में सात लोगों का नाम सामने आया, जिनमें ऋषिकेश महाले (32 वर्षीय) और गंगाराम महाले (34 वर्षीय) शामिल हैं, जो इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) में कांस्टेबल हैं।
प्रारंभिक जांच से पता चला कि हमला अवैध रेत खनन को लेकर विवादों से जुड़ा था। स्थानीय लोगों का कहना था कि इससे उनके धान के खेत और खेती की जमीन को नुकसान पहुंच रहा है। एसपी राहुल गुप्ता ने कहा कि दोनों कांस्टेबल के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और मामले की आगे जांच जारी है।