मामले में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (चेन्नई हवाई अड्डे) ने ट्वीट किया, 'यह स्पष्ट किया जाता है कि लैंडिंग के समय इंजन में कोई बड़ी आग नहीं लगी थी। इंजन में हल्की चिंगारी और धुआं था, जो तेल की गंदगी, अवशेषों आदि के कारण हो सकता है।'
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, चेन्नई ने कार्गो विमान के इंजन में बड़ी आग की खबरों का खंडन कर दिया है। एएआई ने मीडिया से बिना पुष्टि के खबरें न चलाने का आग्रह किया है। इससे पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने खबर दी थी कि चेन्नई में कार्गो विमान के इंजन में आग लग गई है। विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
विज्ञापन
क्या दावे किए गए?
आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया मंगलवार को चेन्नई आ रही एक अंतरराष्ट्रीय मालवाहक उड़ान के एक इंजन में आग लग गई। विमान के उतरने के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ। यह उड़ान मलेशिया के कुलालुंपुर शहर से आ रही थी।
बताया गया कि लैंडिंग के दौरान मालवाहक उड़ान के चौथे इंजन में आग लग गई, जिसके बाद पायलटों ने संबंधित अधिकारियों को इस घटना के बारे में बताया। हालांकि, कोई आपातकालीन लैंडिंग नहीं हुई। पायलटों ने सूझबूझ के साथ विमान को सुरक्षित उतार लिया।
सूत्रों ने बताया कि विमान के शहर के हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ियों ने आग बुझा दी। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
एएआई का खंडन
मामले में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (चेन्नई हवाई अड्डे) ने ट्वीट किया, 'यह स्पष्ट किया जाता है कि लैंडिंग के समय इंजन में कोई बड़ी आग नहीं लगी थी। इंजन में हल्की चिंगारी और धुआं था, जो तेल की गंदगी, अवशेषों आदि के कारण हो सकता है। विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ। इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। हम मीडिया और प्रेस से (जो चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के व्यावसायिक साझेदार हैं) अनुरोध करते हैं कि वे हवाईअड्डा निदेशक, चेन्नई हवाई अड्डे के कार्यालय से पुष्टि किए बिना ऐसी खबरें प्रकाशित न करें, ताकि यात्रा करने वाले लोगों में दहशत न फैले।'