Arunachal Pradesh: अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा के पास लगी जंगल की आग पर भारतीय सेना ने भारतीय वायुसेना के सहयोग से सफलतापूर्वक काबू पा लिया। यह आग 21 जनवरी को एलएसी के उस पार लगी थी, जो बाद में भारतीय क्षेत्र में फैल गई थी।
अरुणाचल प्रदेश के अंजाव ज़िले में काहो गांव के पास लगभग एक सप्ताह पहले लगी जंगल की आग को भारतीय सेना ने सफलतापूर्वक बुझा दिया है। भारतीय सेना के स्पीयर कॉर्प्स के अनुसार, यह आग चीन–भारत सीमा के निकट लोहित नदी की पश्चिमी पहाड़ियों में लगी थी। सेना ने भारतीय वायुसेना के साथ मिलकर अभियान चलाया, जिसके चलते आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।
21 जनवरी को लगी थी आग
विज्ञापन
घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जंगल की आग 21 जनवरी को वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के उस पार लगी थी, जो 27 जनवरी को भारतीय क्षेत्र में फैल गई। आग की चपेट में एलएसी के पास स्थित काहो, शेरू क्षेत्र और मदन रिज आ गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि लगभग 4,50,000 वर्ग मीटर वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।
उधर, भारतीय सेना ने राज्य के शी-योमी ज़िले के मेचुका स्थित टोंगकोरला इलाके में लगी एक अन्य जंगल की आग पर भी काबू पा लिया है। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया कि एक ज़मीन मालिक के अनुरोध पर सेना की त्वरित प्रतिक्रिया टीम ने कठिन भौगोलिक और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद समन्वित अग्निशमन अभियान चलाया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को फैलने से रोका गया, जिससे मानव जीवन, संपत्ति और आसपास के वन क्षेत्र को संभावित नुकसान से बचाया जा सका।