आंध्र प्रदेश में तिरुपति गोविंदराज स्वामी मंदिर के पास एक फोटो फ्रेम मैन्युफैक्चरिंग शॉप में आग लग गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, वीडियो में आग काफी विकराल रूप में दिख रही है। प्रसिद्ध गोविंदराजा स्वामी मंदिर के पास लगी आग के बारे में पुलिस ने जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। बिजली के शॉर्ट-सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शीघ्र ही आग पर काबू पा लिया गया। साथ ही मंदिर के रथ को सुरक्षित निकाल लिया गया।
पुलिस के अलावा, तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के मुख्य सतर्कता और सुरक्षा अधिकारी (सीवीएसओ) डी नरसिम्हा किशोर ने भी इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लावण्या फोटो स्टूडियो में लगी थी। स्टूडियो एक निजी व्यक्ति द्वारा चलाया जाता है और मंदिर के पास स्थित है। हमारे मंदिर (गोविंदराज मंदिर) को कोई नुकसान नहीं हुआ।
किशोर ने यह भी कहा कि आग की जानकारी पाते ही जिला दमकल विभाग, नगरपालिका दमकल और टीटीडी दमकल कर्मी हरकत में आ गए। उन्होंने आग पर काबू पाने की कवायद शुरू की। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना प्रभावित नहीं हुआ।
इस बीच, अनंतपुर रेंज के डीआईजी एम रवि प्रकाश ने कहा कि आग मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित स्टूडियो में लगी थी, जो स्थानीय देवताओं के फोटो फ्रेम बनाता है। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा।