पश्चिम बंगाल के साल्ट लेक क्षेत्र के सेक्टर पांच में स्थित एक ऊंची इमारत में रविवार सुबह आग लग गई। अधिकारियों ने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि मौके पर दमकल की चार गाड़ियां भेजी गई हैं और 12 वीं मंजिल के 10वें तल के सर्वर रूम में लगी आग पर काबू पाने में लगभग एक घंटे का समय लगा।
अधिकारी ने बताया कि सबसे पहले आग सुबह 10 बजे सर्वर रूम में देखी गई थी। मेंटेनेंस स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण कर लिया। सूत्रों ने बताया कि इस इमारत के विभिन्न तलों (फ्लोर) पर बीपीओ और परामर्श कार्यालय हैं लेकिन लॉकडाउन की वजह से सिक्योरिटी और मेंटेनेंस/इलेक्ट्रिकल स्टाफ को छोड़कर कोई यहां नहीं होता है।