फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: भिवंडी के बॉयलर में विस्फोट होने से लगी आग, भारत-मलेशिया के बीच सैन्य अभ्यास शुरू

Wed, 25 Oct 2023 06:27 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

महाराष्ट्र के भिवंडी में बॉयलर में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि बुधवार तड़के बॉयलर में विस्फोट हुआ, जिस वजह से आग लगी है। दमकल आग बुझाने की कोशिश कर रहा है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।
 
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के भिवंडी में बॉयलर में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि बुधवार तड़के बॉयलर में विस्फोट हुआ, जिस वजह से आग लगी है। दमकल आग बुझाने की कोशिश कर रहा है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।

सहयोग बढ़ाने के लिए भारत-मलयेशिया के बीच साझा सैन्य अभ्यास शुरू

विज्ञापन

भारत और मलयेशिया की सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से मेघालय के उमरोई में दो सप्ताह का सैन्य अभ्यास शुरू हो चुका है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, हरिमाउ शक्ति अभ्यास- 2023 सोमवार को शुरू हुआ और पांच नवंबर तक जारी रहेगा। इसमें मलयेशियाई सेना की 5वीं रॉयल बटालियन के सैनिक और भारत की राजपूत रेजिमेंट की बटालियन के जवान हिस्सा ले रहे हैं। 
इससे पहले यह अभ्यास पिछले साल मलयेशिया के पुलाई में आयोजित किया गया था। इस अभ्यास में दोनों देशों के लगभग 120 सैन्य कर्मी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान दोनों दल एक संयुक्त कमांड पोस्ट और एक इंटिग्रेटेड सर्विलेंस ग्रिड के साथ संयुक्त सर्विलेंस सेंटर स्थापित करेंगे। दोनों देशों की सेनाएं जंगल, अर्ध-शहरी, शहरी वातावरण में संयुक्त अभ्यास करेंगे। इस अभ्यास में ड्रोन और हेलिकॉप्टरों का भी उपयोग किया जाएगा।
विज्ञापन


ट्रेन की चपेट में आने से तीन दिव्यांग बच्चों की मौत, जांच शुरू
उरापक्कम में मंगलवार को एक ट्रेन की चपेट में आने से दो भाइयों सहित तीन बच्चों की मौत हो गई। तीनों दिव्यांग बताए जा रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों की उम्र 11 से 15 साल के बीच थी और वे कर्नाटक से थे। ट्रैक को पार करते समय वे एक ट्रेन की चपेट में आ गए। तीनों में से दो भाई मूक-बधिर थे, जबकि तीसरा बोल नहीं सकता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
 
श्रीलंकाई नागरिक समेत 12 तस्कर गिरफ्तार, समुद्री खीरा व हल्दी बरामद
भारतीय तटरक्षक बल ने सीमा शुल्क विभाग के तस्करी रोधी अभियान में आठ श्रीलंकाई और चार भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 594 किलोग्राम कच्ची हल्दी और 330 किलोग्राम समुद्री खीरा बरामद किया गया है। तटरक्षक बल ने बताया कि मन्नार की खाड़ी में धनुषकोडी के पास सोमवार को मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नौका और चार श्रीलंकाई फाइबर नौकाओं को भी पकड़ा गया। 

सक्सेस मीट में उमड़ी भीड़, भगदड़ में निर्देशक कनगराज हुए घायल
केरल में सक्सेस मीट के दौरान भगदड़ मच गई और इसमें 'लियो' निर्देशक लोकेश कनगराज घायल हो गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे लोकेश कनगराज को देखने के लिए पलक्कड़ के अरोमा थिएटर में फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। 
 
संयुक्त राष्ट्र वैश्विक दक्षिण की अपेक्षाओं को पूरा करेगा : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अधिक उद्देश्यपूर्ण संयुक्त राष्ट्र वैश्विक दक्षिण की अपेक्षाओं को पूरा करेगा। विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए बहुपक्षीय संगठन में सुधार का आह्वान किया।
विदेश मंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, 78वें संयुक्त राष्ट्र दिवस पर संयुक्त राष्ट्र और उसके चार्टर के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता हूं। बहुपक्षवाद के महत्व पर जोर देना जरूरी है जो निष्पक्षता, समावेशिता और बहुध्रुवीयता को बढ़ावा देता है। भारत ने बदलती भू-राजनीतिक गतिशीलता और उभरती अर्थव्यवस्थाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप संयुक्त राष्ट्र में सुधारों का लगातार आह्वान किया है। 

धनगर समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर दे दी जान
महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक व्यक्ति ने धनगर (चरवाहा) समुदाय के लिए आरक्षण की मांग करते हुए पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि कवठे महांकाल तहसील के आबाचीवाड़ी निवासी बीरूदेव खारजे (37) का शव रविवार दोपहर को उनके खेत में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। उमडी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने खारजे की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें लिखा है कि धनगर समुदाय को आरक्षण मिलना चाहिए। वर्तमान में, धनगर समुदाय को विमुक्त जाति और खानाबदोश जनजाति (वीजेएनटी) श्रेणी के अंतर्गत वर्गीकृत किया गया है। हालांकि, यह समुदाय एसटी श्रेणी के तहत आरक्षण के लिए प्रदर्शन कर रहा है।

चेन्नई में पटरी से उतरे ईएमयू के तीन कोच, यातायात प्रभावित
यहां अवाडी में मंगलवार तड़के एक ईएमयू ट्रेन के आखिरी तीन कोच (डिब्बे) पटरी से उतर गए। गनीमत यह रही कि तीनों खाली थे, लेकिन इसके चलते इस व्यस्ततम रूट पर कई यात्री सेवाएं देरी से चलीं। दक्षिणी रेलवे ने एक बयान में कहा कि अवाडी रेवले स्टेशन पर सुबह करीबन 5.40 पर हुई घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है क्योंकि ट्रेन खाली थी। बयान के मुताबिक, ईएमयू को कार शेड से मुख्य लाइन पर शंटिंग करते समय इसके पिछले डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे चेन्नई सेंट्रल की उपनगरीय लाइन प्रभावित हुईं।

ऑनलाइन गेमिंग : पूर्व वायुसेना अधिकारी से 35 लाख रुपये ठगे
ओडिशा के भुवनेश्वर में ऑनलाइन गेमिंग में खोई रकम दिलाने का झांसा देकर एक पूर्व वायुसेना अधिकारी से 35 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय संतोष साहू के रूप में हुई है। वह वर्तमान में भुवनेश्वर में खंडगिरि पुलिस सीमा के अंतर्गत पत्रपाड़ा में रह रहा है। 

कर्नाटक के रायचूर जिले में भूकंप के हल्के झटके
कर्नाटक के रायचूर जिले के लिंगसुगुर तालुक के चार गांवों में हल्का भूकंप महसूस किया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि भूकंप बीती रात 2.50 बजे महसूस किया गया। रिएक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.7 दर्ज की गई। भूकंप के झटके निलोगल, हट्टी, वीरपुरा और गेज्जलाघट्टा गांवों में महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि हट्टी गांव के 2.6 किलोमीटर के आसपास झटके महसूस किए गए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें