महाराष्ट्र के औरंगाबाद में स्थित माणिक अस्पताल में आग लग गई है। इस अस्पताल में लगी आग से मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हालांकि अभी तक किसी के भी मरने की खबर नहीं आई है लेकिन मेडिकल सूत्रों के अनुसार धुएं की वजह से कुछ मरीजों को दम घुटने की समस्या हुई थी। आग अस्पताल के बेसमेंट में सुबह 11 या 11:30 के बीच लगी थी। आग लगने के कुछ मिनट बाद ही अस्पताल की पहली मंजिल की ओर बढ़ रही थी और पूरे अस्पताल को अपनी चपेट में लेने वाली थी। आग विभाग के सूत्रों का कहना है कि एक घंटे बाद ही इसपर काबू कर लिया गया था।
माणिक अस्पताल और रिसर्च सेंटर के डॉक्टर मकरंद कंजलकर ने बताया- पहली मंजिल पर अपना इलाज करवा रहे सभी 30 मरीजों को सकुशल बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भेज दिया गया है। कुछ लोगों की हालत गंभीर है और वे वेंटिलेटर पर हैं। उन्हें निकालने का काम कॉरिडोर और सीढ़ियों के रास्ते आराम से किया गया ताकि किसी भी प्रतिकूल स्थिति को रोका जा सके। मरीजों को सुरक्षित निकालने के लिए 20 एंबुलैंस का इस्तेमाल किया गया।
डॉक्टर कंजलकर ने कहा- अस्पताल के सारे कर्मचारी सुरक्षित हैं और आग इससे पहले ऊपरी मंजिलों पर फैलती उसपर नियंत्रण कर लिया गया। अस्पताल सख्ती से सुरक्षा मानदंडों का पालन करता है। बेसमेंट में थोड़ा काम चल रहा था। हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग वहां मौजूद ज्वलनशील सामग्री से तो नहीं लगी है। संपत्ति को हुए नुकसान का भी पता लगाया जा रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।