नागपुर के कोविड अस्पताल में लगी आग
- फोटो : एएनआई
महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार रात एक निजी अस्पताल में आग लग जाने से चार लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि शहर के वाडी इलाके में एक अस्पताल में रात आठ बजकर 10 मिनट पर आग लग गई।
नागपुर नगर निगम (एनएमसी) के प्रमुख अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र उचके ने बताया कि अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थित आईसीयू के एसी यूनिट से आग की शुरुआत हुई। दूसरी मंजिल तक ही आग सीमित रही और आगे नहीं फैल पाई। उन्होंने बताया कि घटना में चार लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य लोग घायल हो गए। आग पर काबू पाने के लिए दमकल के कई वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया।
उचके ने बताया कि जिस समय आग लगी उस वक्त दूसरी मंजिल पर 10 मरीज थे। आग लगने के बाद छह मरीज खुद ही बाहर निकल गए जबकि चार मरीजों को दमकलकर्मियों ने बचाया।
नागपुर के वाडी क्षेत्र में स्थित वेल ट्रीट अस्पताल को कोविड सेंटर बनाया गया है। शुक्रवार देर रात करीब 8.10 बजे अचानक अस्पताल की दूसरी मंजिल पर आईसीयू के एसी में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई और उसकी चपेट में आकर कई मरीज झुलस गए। इनमें से चार की मौत हो गई। इस दौरान अस्पताल में भगदड़ का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पहुंचे दमकलकर्मियों और पुलिस टीमों ने आग पर काबू पा लिया और मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराया। नागपुर से पहले हाल ही में 26 मार्च को भांडुप और 6 अप्रैल को नासिक में कोविड अस्पताल में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। भांडुप की घटना में 10 मरीजों की मौत हो गई थी
अस्पताल में चल रहा था 27 मरीजों का इलाज
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा था। 30 बेड के अस्पताल में 3 मरीज शुक्रवार को ही डिस्चार्ज किए गए थे। आग लगने के समय अस्पताल में भर्ती 27 में से 10 मरीज आईसीयू में थे।
अस्पताल में आग से लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
अस्पताल में आग लगने से लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘नागपुर के अस्पताल में आग लगने की घटना से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के साथ हैं। इस घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’