कर्नाटक के बेलगावी में कर्नल सोफिया कुरैशी की ससुराल पर हमले की झूठी खबर फैलाने पर एक एक्स यूजर पर केस दर्ज किया गया है। साथ ही इस एफआईआर में दो रीट्वीटर्स का नाम भी शामिल है। पुलिस के अनुसार ये पोस्ट कनाडा से होने का शक।
कर्नाटक के बेलगावी में सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी की ससुराल पर हमले की झूठी खबर सोशल मीडिया पर फैलाने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को केस दर्ज किया है। यह फर्जी पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डाली गई थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक्स अकाउंट होल्डर अनीस उद्दीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 353(2) सार्वजनिक शांति को भंग करने वाला बयान और 192(A) दंगे भड़काने की नीयत से उकसाना के तहत केस दर्ज किया गया है।
दो अन्य एक्स यूजर्स के खिलाफ भी मामला दर्ज
इसके साथ ही मामले में खुबानी और डॉ.रुमी के नाम के दो अन्य एक्स यूजर्स को भी एफआईआर में नामजद किया गया है, जिन्होंने इस फर्जी पोस्ट को रीट्वीट किया था। पुलिस ने बताया कि इन अकाउंट होल्डर्स की पहचान की जा रही है। वहीं मामले में बेलगावी के एसपी भीमाशंकर गुलेद ने बुधवार को ही स्पष्ट किया था कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि यह पोस्ट भारत से बाहर, कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया से की गई थी।
राज्य और देश का अपमान- कर्नाटक गृह मंत्री
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मामले में बढ़ते तनाव को देखते हुए कहा कि बेलगावी एसपी को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और मामले की सूचना केंद्र सरकार को भी भेजी गई है। उन्होंने कहा कि यह राज्य और देश का अपमान है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि सावधानी के तौर पर कर्नल कुरैशी की ससुराल गोकाक तालुक में पुलिस टीम ने दौरा किया है और वहां दो पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।बता दें कि कर्नल सोफिया कुरैशी ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मीडिया को जानकारी दी थी, जिसके बाद से देशभर में उनकी हिम्मत की चर्चा हो रही है।