भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार सेवा उपलब्ध कराने का दावा कर लोगों के आधार नंबर मांगने के आरोप में आठ वेबसाइटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। प्राधिकरण ने इन वेबसाइटों पर अवैध तरीके से लोगों के आधार नंबर और पंजीकरण नंबर इकट्ठा करने का आरोप लगाया है।
आधार संबंधी सेवा देने का दावा करने वाली फर्जी और अवैध वेबसाइटों के खिलाफ प्राधिकरण द्वारा एफआईआर कराने का यह पहला मामला है। प्राधिकरण ने आधारअपडेट.कॉम, आधार इंडिया.कॉम, पीवीसीआधार.इन, आधारप्रिंटर्स.कॉम, गेटईआधार.कॉम, डाउनलोडआधारकार्ड.इन, आधारकॉपी.इन और डुप्लिकेटआधार.कॉम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
यूआईडीएआई के सीईओ अजय भूषण पांडे ने कहा कि ये वेबसाइट खुद को प्राधिकरण द्वारा अधिकृत बताकर लोगों से आधार नंबर और अन्य जानकारियां मांग रही थीं। हमने पाया कि कुछ अनधिकृत वेबसाइटों को बंद करने के हमारे आदेश के बावजूद कुछ नई वेबसाइटें शुरू हो गईं।