आयकर विभाग ने यूपी और उत्तराखंड के कुछ नौकरशाहों के खिलाफ छापे मार कर 20 करोड़ रुपये की अघोषित आय का खुलासा किया है। नोएडा, कानपुर और देहरादून में मारे गए छापे में करोड़ों की अघोषित आय और संपत्ति का पता चला है।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक विभाग ने पिछले दो दिनों के अंदर यूपी और उत्तराखंड में चार बड़े सरकारी अधिकारियों के यहां छापे मारे। इनमें उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड के देहरादून कार्यालय में तैनात जनरल मैनेजर शामिल हैं।
अधिकारी पर टैक्स चोरी के लिए अपने पद के दुरुपयोग का आरोप है। अधिकारी के यहां मारे गए छापे में सैक ड़ों बीघे में बने फार्महाउस और अन्य अचल संपत्ति में उनके निवेश से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। कई शहरों में उनकी संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। अधिकारी और उनके परिवार वालों के घरों से रेंज रोवर, ऑडी और बीएमडब्ल्यू कारें भी बरामद हुुई हैं।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वे फार्म हाउस में 15 एलईडी टेलीविजन लगा देख कर हैरान थे। यह फार्म हाउस, फैक्टरी के लिए निर्धारित जमीन पर बनाया गया था। इसमें बेहतरीन जिम, गेस्ट हाउस और निर्माणाधीन स्वीमिंग पूल भी था।
इसी तरह यूपी के सिद्धार्थनगर में एक स्थानीय निकाय के चेयरमैन के खिलाफ मारे गए छापे में शुरुआती जांच के दौरान 10 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति का खुलासा हुआ है। इस चेयरमैन के दो पेट्रोल पंप और एक गैस एजेंसी है।
उन पर अपने फायदे के लिए विकास फंड में घालमेल का आरोप है। विभाग ने एक और अधिकारी के नोएडा के घर पर भी छापा मारा है। कानपुर में तैनात यूपी रोड ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के एक अधिकारी के यहां भी छापा मारा गया है।
नोएडा के अधिकारी के यहां मारे गए छापे में दो करोड़ रुपये की अचल संपत्ति की खरीदारी में कैश पेमेंट करने का पता चला है। उन्होंने पत्नी के नाम पर संपत्ति खरीदी है और इसमें दो करोड़ रुपये का नकद भुगतान किया है। कानपुर के अधिकारी के यहां छापेमारी की कार्रवाई चल रही है।