घाटकोपर में हुए विमान हादसे के सात महीने बाद यूवाई एविएशन के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ बुधवार को एफआईआर दर्ज की गई। पिछले साल जून महीने में हुए इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी। घाटकोपर पुलिस ने यूवाई एविएशन के दीपक कोचरी, अनिल चौहान, विनोद साई और अन्य संबंधित पार्टियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इन सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 (2) (गैर-इरादतन हत्या), 337 (दूसरों की जान को खतरे में डालने वाली या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के कारण) और अन्य धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है। यह एफआईआर हादसे का शिकार हुए विमान की सह पायलट मार्या जुबेरी के पति प्रभात कथूरिया की शिकायत पर दर्ज की गई है। इस हादसे में मार्या की भी मौत हो गई थी।
अपनी शिकायत में कठुरिया ने कहा कि उनकी पत्नी इस बात से अनजान थी कि विमान के पास उड़ान के लिए जरूरी अनुमति नहीं थी। ऐसे में उन्हें लगता है कि मार्या को विमानन कंपनी ने धोखा दिया।