जनता दल(सेक्युलर) के एमएलसी और एचडी रेवन्ना के बेटे सूरज रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है। होलेनारसीपुरा ग्रामीण पुलिस स्टेशन पर सूरज रेवन्ना के खिलाफ आईपीसी की धारा 506, 342, 377 में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता चेतन ने आरोप लगाया है कि सूरज रेवन्ना ने 16 जून को हासन जिले के गन्निकाडा स्थित विला में उनका यौन उत्पीड़न किया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद सूरज रेवन्ना हसन पुलिस स्टेशन पहुंचे जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ की। चेतन पार्टी के ही एक कार्यकर्ता हैं।
सूरज रेवन्ना के करीबी ने चेतन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था
सूरज रेवन्ना के करीबी सहयोगी शिवकुमार ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर चेतन केएस और उनके बहनोई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिवकुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी चेतन और उनके एक रिश्तेदार सूरज को यौन उत्पीड़ने के झूठे केस में फंसाकर पैसे ऐंठना चाहते हैं। लेकिन शनिवार को पुलिस ने शिकायतकर्ता चेतन की तहरीर के आधार पर सूरज रेवन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
एचडी रेवन्ना के बेटे हैं सूरज रेवन्ना
सूरज रेवन्ना होलेनरासीपुरा से विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं। प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं से यौन उत्पीड़न का आरोप है और वह पुलिस हिरासत में हैं।
प्रज्ज्वल के खिलाफ हुआ था प्रदर्शन
इससे पहले कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जनता दल (सेक्युलर) के निलंबित नेता प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया था और पीड़ितों के लिए न्याय की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने ‘हासन चलो’ मार्च में शिरकत की मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की थी। इस मार्च का आयोजन ‘नवेड्डु निलादिद्दरे’ नामक मानवाधिकार समूह द्वारा किया था। इसमें राज्य भर से महिलाओं, श्रमिकों, किसानों और दलितों ने हिस्सा लिया था।