वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा अपने ग्राहकों के 32 लाख से अधिक डेबिट कार्ड ब्लाक करने की सूचना के बीच वित्त मंत्रालय ने कहा है कि डेबिट कार्ड्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। 32 लाख कार्ड्स के प्रभावित होने से बहुत ज्यादा तनाव लेने और डरने की जरूरत नहीं है। वहीं हिताची पेमेंट सर्विसेज और मास्टरकार्ड ने भी किसी तरह की चूक से इनकार किया है।
वित्त मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव जीसी मुर्मु ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि सिर्फ 0.5 फीसदी डेबिट कार्ड्स के डिटेल का समझौता हुआ है, जबकि 99.5 फीसदी कार्ड्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। बैंक के ग्राहकों को चिंता करने की कोई बात नहीं है।
उन्होंने बताया कि भारत में तकरीबन 60 करोड़ डेबिट कार्ड्स ऑफरेशन होते हैं। इनमें से 19 करोड़ देश में विकसित रुपए कार्ड हैं, वहीं अन्य बचे विसा और मास्टर कार्ड अभी भी समर्थ हैं। चूंकि जो डेटा लीक हुई है वह कुछ विशिष्ट मशीनों से कुछ निश्चित समय अंतराल पर हुई है। यह कुछ समय का मुद्दा है। बैंक ने अपने ग्राहकों से बात की है कि वह अपने कार्ड रिप्लेस करें या पिन को चेंज करें।