सीबीआई ने करोड़ों के रोजवैली चिटफंड घोटाले में जाने-माने बांग्ला फिल्म निर्माता और ममता बनर्जी के करीबी श्रीकांत मोहता को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। मोहता श्री वेंकटेश फिल्म्स के मालिक हैं। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि मोहता को कई बार समन भेजने के बावजूद वह पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुए थे।
सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को सीबीआई की एक टीम ने मोहता के शॉपिंग मॉल स्थित दफ्तर जाकर उनसे पूछताछ की। उसके बाद मोहता को हिरासत में लेकर सीबीआई के साल्ट लेक स्थित दफ्तर ले जाया गया, जहां उन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि रोजवैली के अध्यक्ष गौतम कुंडू ने पूछताछ के दौरान सीबीआई को बताया था कि उनके चैनल पर हिट फिल्में दिखाने के लिए मोहता ने उनसे मोटी रकम ली थी। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कुंडू जेल में है।
यह कार्रवाई उस वक्त हुई है, जबकि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की तरह ममता बनर्जी ने भी पश्चिम बंगाल में सीबीआई के कामकाज पर पाबंदी लगा दी थी। रोज वैली घोटाले में कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कई नेता लिप्त बताए जाते हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी इस मामले की जांच कर रहा है।