लंबे समय से विवादों में चल रही फिल्म पद्मावत भारी सुरक्षा के बीच रिलीज हो गई है, लेकिन लगातार विरोध कर रही करणी सेना का प्रदर्शन अभी जारी है। भारी सुरक्षा के इंतजाम के बीच कई जगहों पर तोड़फोड़ की खबर आ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पटना में विरोध के चलते फिल्म रिलीज नहीं की जा रही है। पटना के सिनेमाघरों मालिकों ने ऐलान करते हुए कहा कि वे इस फिल्म को रिलीज नहीं करेंगे। बताया जा रहा है कि बिहार के बाकी शहरों में फिल्म नहीं दिखाई जाएगी।
LIVE updates:
- बिहार के मोतीहारी जिला में एक संगठन ने पद्मावत के खिलाफ विरोध किया।
- क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समुदाय सहयोग करके उस शख्स को एक करोड़ रुपए का ईनाम देगा जो दीपिका पादुकोण की नाक और काम काटकर लाएगा।
- पद्मावत पर अखिलेश यादव का कहना है कि फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोग इन्हीं के लोग है, वो लोग बीजेपी के कार्यकर्ता है। बड़ी विडंबना है कि प्रदर्शन भी खुद करा रहे, लाठी भी खुद चला रहे है। योगी सरकार से लोकतंत्र को खतरा है।
- वाराणसी में सिनेमा हॉल के बाहर से पुलिस ने एक शख्स को आत्मदाह की कोशिश करते हुए पकड़ा है।
- सहारनपुर के देवबंद के गांव रनखण्डी में राजपूत समाज की महिलाएं भी पुरुषों के साथ नंगी तलवारें लेकर बाहर आ गईं। इस दौरान उन्होंने संजय लीला भंसाली का पुतला दहन कर गांव के चौक पर प्रदर्शन किया।
- बिजनौर में फिल्म पद्मावत को रिलीज करने के लिए मॉल के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके बाद भी यहां फिल्म नहीं दिखाई जा रही है। वहीं मेरठ में केवल सिंगल स्क्रीन सनेमाघरों में शो चल रहे हैं।
- उत्तराखंड के ऋषिकेश में पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच सिनेमा हॉल के बाहर झड़प हो गई है।
-पाकिस्तान सेंसर बोर्ड की ओर से पाकिस्तान में पद्मावत को दिखाए जाने की मंजूर दी गई है। बताया जा रहा है कि बिना किसी कांट-छांट के पद्मावत पाकिस्तान में दिखाई जाएगी।
- हरियाणा के गुरुग्राम में कल स्कूल बस पर हमले के सिलसिले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें आज ही सोहना कोर्ट में पेश किया जाएगा।
- जैसलमेर में करणी सेना ने बंद का आह्वन किया है। कई संगठनों ने इसका समर्थन किया है।
- गुरुग्राम में स्कूल बस पर हमले की घटना पर हरियाणा सरकार में मंत्रीराम बिलास शर्मा ने कहा कि यह काफी चिंताजनक घटना है। मुझे उम्मीद है कि आज इस पूरे मामले का समाधान निकल आएगा। हमें ऐसी घटना का अंदेशा नहीं था। राजस्थान सहित गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा व दिल्ली-एनसीआर में पद्मावत को लेकर सबसे अधिक बवाल मचा हुआ है।
राजस्थान के जयपुर में करणी सेना के सदस्यों ने बाइक रैली निकालकर पद्मावत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं उदयपुर में कई दुकानों में तोड़-फोड़ की गई।
- बिहार के मुजफ्फरपुर में पद्मावत के खिलाफ टायर जलाए गए और लोगों ने तलवारें दिखाईं।
- कानपुर के मिराज सिनेमा में पद्मावत की रिलीज को लेकर थियेटर प्रबंधन ने कोई अप्रिय घटना से बटने के लिए हाथ खड़े कर दिये हैं। कानपुर के ही पम्मी थियेटर में पद्मावत 25 और 26 तारीख को नहीं रिलीज होगी।
- राजस्थान के उदयपुर संभाग में बुधवार देर रात एक रोडवेज बस में तोड़फोड़ और उसे आग के हवाले करने का प्रयास किया गया था। ऐसे माहौल के बीच रोडवेज प्रशासन ने पूरे संभाग में आज रात 1 बजे तक के लिए बसों का संचालन बंद कर दिया है।
- राजस्थान सरकार की ओर से सिनेमाघर मालिकों को फिल्म लगाने पर पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है। इसके बावजूद राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात व हरियाणा में सिनेमाघर संचालक 'पद्मावत' लगाने को लेकर तैयार नहीं हैं।
- करणी सेना ने राजस्थान के आधे दर्जन जिलों में बंद का आह्वन किया हुआ है। इसके अलावा करणी सेना की ओर से जयपुर में फिल्म के विरोध में रैली का आयोजन किया गया है।
उदयपुर-मावली रूट पर देर रात डूंगरपुर-जयपुर के बीच चलने वाली रोडवेज की बस को बोयना बस स्टैंड के पास 20-25 की संख्या में आए युवकों ने आग के हवाले करने की कोशिश की जिसके बाद बस के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को भगाकर मावली थाने ले गया।
आज प्रदेश के कमोबेश हर जिले में जनता कर्फ्यू का व्यापक असर देखने को मिल रहा है, जहां राजपूत समाज के लोग सड़कों पर उतर आए हैं।
- बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि ऐसी फिल्में नहीं बनानी जानी चाहिए। इसका ऐतिहासिक मूल्य जीरो है। उन्होंने कहा कि इसका इतिहास से जब कोई लेना-देना नहीं तो आप इस पर फिल्म क्यों बना रहे हैं?
-फिल्म के विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए चितौड़गढ़ किले को छावनी में बदल दिया गया है। यहां किले में हेवी सिक्योरिटी को तैनात किया गया है।
-प्रदर्शनों की अगुवाई कर रही करणी सेना ने इसी क्रम में आज जैसलमेर में बंद का आह्वान किया है। जिसके बाद आज सुबह से ही पर्यटकों से गुलजार रहने वाला यह शहर वीरान पड़ा है। पुलिस ने बंद के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए है।
-पद्मावत के रिलीज पर बयानों का दौर शुरू हो गया है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का कहा है कि जो ऐसी फिल्में नहीं बननी चाहिए जो धार्मिका भावनाओं को आहत करे।
-पद्मावत विवाद पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता इतिहास को तोड़फोड़ करने की इजाजत नहीं देती, तो जो विरोध कर रहे हैं उनके साथ बैठ के इसको सुलझाया जाए। जब चीजें सहमति से नहीं होती हैं तो फिर उसमें गड़बड़ होती है।
-मध्यप्रदेश में भी पद्मावत के विरोध की आग फैली हुई है। प्रदर्शनकारियों ने कार को आग लगा दी है और इस आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
-वहीं पुणे के एक सिनेमा हॉल के मालिक किशोर गनतारा ने कहा कि यहां पर शांति है और पुलिस भी तैनात है।
मुंबई में अलग-अलग जगहों से करणी सेना के 50 समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। गुजरात में मंगलवार को अहमदाबाद में मल्टीप्लेक्स में हुई तोड़फोड़ के मामले में भी 50 लोग हिरासत में लिए गए हैं। इस बीच, मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा है कि राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा में फिल्म का प्रदर्शन नहीं होगा। यह संस्था 75 फीसदी मल्टीप्लेक्स मालिकों का प्रतिनिधित्व करती है।
गुजरात के थियेटर मालिकों ने विवाद खत्म होने तक किसी भी मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर में फिल्म न प्रदर्शित करने का फैसला किया है। वहीं, राजस्थान में राजपूत समुदाय की 1,900 महिलाओं के जौहर करने को तैयार होने से एलान के बाद करणी सेना की चित्तौड़गढ़ इकाई के प्रमुख को गिरफ्तार कर लिया गया है।