फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: एक सप्ताह के दौरे पर भारत आएंगे फिजी के उप-प्रधानमंत्री, भगवान राम के दर्शनों के लिए जाएंगे अयोध्या

Sun, 04 Feb 2024 04:05 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विदेश मंत्रालय ने बताया कि फिजी के उप प्रधानमंत्री अयोध्या के राम मंदिर भी जाएंगे, जहां वे विधि-विधान से भगवान राम की पूजा करेंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद प्रसाद पहले विदेशी नेता होंगे, जो अयोध्या का दौरा करेंगे। 
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फिजी के उप प्रधानमंत्री बिमान प्रसाद भारत के दौरे पर आने वाले हैं। प्रसाद एक सप्ताह के दौरे पर नई दिल्ली आएंगे। रविवार शाम 21.35 बजे वे नई दिल्ली पहुंचेंगे। वह 11 फरवरी को यहां से फिजी के लिए रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वे अयोध्या के राम मंदिर भी जाएंगे, जहां वे विधि-विधान से भगवान राम की पूजा करेंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद प्रसाद पहले विदेशी नेता होंगे, जो अयोध्या का दौरा करेंगे। 

वाईएस शर्मिला को मिल रही धमकियों पर राहुल गांधी की टिप्पणी

विज्ञापन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को वाईएस शर्मिला को मिल रही धमकियों की निंदा की। उन्होंने इसे अपमानजनक कृत्य बताया है। राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करना और उन्हें धमकाना एक कायरतापूर्ण काम है। दुर्भाग्य से यही कमजोर लोगों का आम हथियार है। कांग्रेस पार्टी और मैं दृढ़ता से शर्मिला और सुनीता के साथ हैं। हम इस शर्मनाक हमले की निंदा करते हैं।  

मणिशंकर अय्यर के खिलाफ पुलिस थाने में दर्ज हुई शिकायत
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की बेटी सुरन्या अय्यर के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सुरन्या के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक बयान पोस्ट करने का आरोप है। सुप्रीम कोर्ट के वकील और भाजपा नेता अजय अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सुरन्या ने 20 जनवरी को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

पुडुचेरी-तेलंगाना की उपराज्यपाल और राज्यपाल की अमित शाह से मुलाकात

विज्ञापन

पुडुचेरी की उपराज्यपाल और तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने हैदराबाद राजभवन में गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तेलंगाना और पुडुचेरी से संबंधित कई महत्वपूर्ण विकासात्मक परियोजनाओं पर चर्चा की। इसी के साथ कई अन्य मुद्दों पर भी बातचीत की गई।

विदेश मंत्रालय में फेरबदल
विदेश मंत्रालय में नई नियुक्तियां हुईं है। रूस में भारत के वर्तमान राजदूत पवन कपूर को विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) नियुक्त किया गया है। कपूर संजय वर्मा की जगह लेंगे।  इसके अलावा, ऑस्ट्रिया में भारत के वर्तमान राजदूत जयदीप मजूमदार को को मंत्रालय में सचिव (पूर्व) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। मजूमदार सौरभ कुमार की जगह लेंगे।

तेलंगाना के पूर्व उप मुख्यमंत्री राजैया ने छोड़ा बीआरएस का साथ
तेलंगाना के पूर्व डिप्टी सीएम थातिकोंडा राजैया ने लोस चुनाव से पहले भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को बड़ा झटका देते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया। स्टेशन घनपुर के पूर्व विधायक राजैया ने पार्टी में जवाबदेही की कमी का आरोप लगाया। 2023 के विधानसभा चुनावों में बीआरएस ने राजैया के स्थान पर कादियाम श्रीहरि को घनपुर सीट से मैदान में उतारा था। 

इस्लामिक उपदेशक का भड़काऊ भाषण वायरल, दो गिरफ्तार
इस्लामिक उपदेशक मुफ्ती सलमान अजहरी की ओर से दिए गए भड़काऊ भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुजरात में जूनागढ़ पुलिस ने शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक हर्षद मेहता ने कहा कि पुलिस अजहरी का पता लगाने की कोशिश कर रही है। यह भाषण 31 जनवरी की रात बी डिवीजन पुलिस स्टेशन के पास एक कार्यक्रम में दिया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद अजहरी और आयोजकों मोहम्मद यूसुफ मालेक व अजीम हबीब ओडेदरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

सेना प्राचीन युद्ध कला का आधुनिक तकनीक के साथ कर रही प्रयोग: सीडीएस
सीडीएस अनिल चौहान ने शनिवार को पुणे में कहा कि भारतीय सेना प्राचीन युद्ध कला का आधुनिक तकनीक के साथ इस्तेमाल कर रही है। पुणे के आरएसएएमआई संस्थान में आयोजित रक्षा साहित्य महोत्सव कलम और कवच में कृत्रिम बुद्धिमत्ता व राष्ट्रीय सुरक्षा विषय पर एक पुस्तक का विमोचन करते हुए उन्होंने कहा कि सेना प्राचीन युद्ध कला को स्वदेशी सैन्य प्रणालियों व आधुनिक तकनीक के साथ मिलाकार इस्तेमाल करने के लिए उद्भव परियोजना पर काम कर रही है। 

कलासेतु पोर्टल पर विवरण डालने का आखिरी मौका
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबंद्ध सभी स्कूलों के पास कला-एकीकृत परियोजना का विवरण प्रस्तुत करने का आखिरी मौका है। बोर्ड ने कलासेतु पोर्टल पर परियोजना का विवरण जारी करने के लिए तारीख बढ़ा दी है। बोर्ड ने कहा कि सभी स्कूल अब 29 फरवरी तक पोर्टल पर परियोजना का विवरण डाल सकते हैं। हालांकि बोर्ड ने कहा है कि इसके बाद स्कूलों को एक भी मौका नहीं दिया जाएगा। इसलिए वे जितनी जल्दी हो सके विवरण जारी कर दें।

भाजपा का दो दिनी राष्ट्रीय सम्मेलन दिल्ली में 17 फरवरी से 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के भारत मंडपम में 17 फरवरी से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाया है। माना जा रहा है आम चुनाव का समय करीब आ रहा है और इसको देखते हुए पार्टी चुनाव का एजेंडा सेट करेगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और 18 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से इसका समापन होगा। दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में राष्ट्रीय परिषद के पदाधिकारियों, सभी जिला अध्यक्षों, लोकसभा प्रभारियों, क्लस्टर प्रभारियों, लोकसभा संयोजकों, अनुशासन समिति, वित्तीय समिति, मुख्य प्रवक्ताओं, मीडिया सेल के संयोजकों तथा देशभर के सभी स्तरों के आईटी सेल पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।

मध्य प्रदेश में लकड़ी तस्करों ने वन अधिकारियों पर किया हमला 
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में सागौन की लकड़ी के तस्करों ने वन विभाग की टीम पर उस वक्त हमला कर दिया, जब वह शुक्रवार रात लटेरी वन रेंज के कोलुआ पाथर क्षेत्र में छापा मारने पहुंची थी। मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) ओमकार सिंह मार्सकोले ने कहा कि हालांकि, आरोपी फरार होने में सफल रहे, लेकिन मौके पर नौ दोपहिया वाहन, 1.5 लाख रुपये मूल्य की सागौन की लकड़ी छोड़ गए, जिसे जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा, 50 आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

सीएपीएफ भर्ती जालसाजी में कोलकाता में आठ जगह छापे
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की भर्तियों में अनियमितता के आरोपों पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता और 24 उत्तर परगना जिले में आठ स्थानों पर छापे मारे। मामला भर्ती में सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों को मिलने वाली छूट का फायदा उठाने के लिए जाली अधिवास प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल किए जाने से जुड़ा है। सीबीआई ने कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर पिछले साल अगस्त में इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। आरोप है कि फर्जी अधिवास प्रमाणपत्रों के जरिये सशस्त्र बलों और सीएपीएफ में कई अभ्यर्थियों की भर्ती हुई है, जिन्हें सीमावर्ती इलाकों का होने के नाम पर कम कट-ऑफ अंकों पर उत्तीर्ण किया गया। 
विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें