कोलकाता के हावड़ा मैदान में एक बैग की दुकान में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाडियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में लग गईं है।
कोलकाता के हावड़ा मैदान स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर स्थित बैग की दुकान में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने की कोशिशों में लगी हैं। कोई हानि ना हो इसके लिए प्रशासन ने पूरे जीटी रोड को बंद करा दिया है। स्थानीय व्यवसायी भी आग बुझाने में दमकलकर्मियों की मदद कर रहे हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, यह एक भीड़भाड़ वाला बाजार है और सोमवार को इलाके में मंगला हाट लगता है। वहीं, आने वाले त्यौहार दुर्गा पूजा की वजह से भी इलाके में भीड़ काफी ज्यादा रहती है। ऐसे में इलाके में आग लगने से इलाके के लोगों में दहशत है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।
गौरतलब है कि यह पूर्वी भारत का सबसे बड़ा रेडिमेड्स का बाजार है। ऐसे में पुलिस और दमकलकर्मी पूरी तरह से सतर्क हैं और आग पर काबू पाने की कोशिशों में लगे हैं। पुलिस का कहना है कि उस बैग की दुकान के आसपास अन्य दुकानें हैं। ऐसे में आग फैलने का खतरा बना हुआ है। वहीं, सतर्कता बरतते हुए पूरे इलाके की बिजली काट दी गई है।