शिक्षा पाना महंगा होता जा रहा है फिर चाहे वो व्यवसायिक शिक्षा हो परंपरागत। इसी कड़ी में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ ने भी फीस बढ़ाने का फैसला लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आईआईएम लखनऊ ने इस शैक्षणिक सत्र से 2 साल के पीजी कोर्स पर 15 फीसदी फीस बढ़ाने का फैसला किया है। मैनेजमेंट की तरफ से फिलहाल ये फैसला लिया गया तो फीस में करीब 2 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है।
दरअसल, हाल ही में आईआईएम लखनऊ के निदेशक डॉ. अजीत प्रसाद ने एक इंटरव्यू में कहा था कि एक प्रपोजल के अनुसार पीजी कोर्स की लेट फीस बढ़कर 16 लाख रुपये हो जाएगी जो फिलहाल 14 लाख रुपये है। उनका कहना है कि देश के दूसरे आईआईएम तक लखनऊ की पहुंच बनाने के लिए ही ये कदम उठाया जा रहा है। तो सवाल उठता है कि क्या ऐसा करना सही है। इसी को लेकर अमर उजाला ने ऑनलाइन पोल किया। सवाल यही था, 'क्या फीस बढ़ाने का आईआईएम लखनऊ का फैसला सही है?'
पोल के परिणाम कुछ इस प्रकार हैं-
- पोल में कुल 5648 लोगों ने वोट किया।
- 74.26% यानि 4194 लोगों का मानना है कि ये फैसला सही नहीं है।
- 22.42% यानि 1266 लोगों का मानना है कि ये फैसला सही है।
- जबकि 3.33 % यानि 188 लोग इस बारे में कुछ नहीं कह सकते।