जियो ट्रू 5जी बंगलूरू हैदराबाद में लॉन्च
मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, वाराणसी और नाथद्वारा के बाद जियो ने बंगलूरू और हैदराबाद में भी ट्रू 5जी सेवा लॉन्च की है। कंपनी ने कहा, दोनों ही शहर देश के साइबर और डिजिटल हब माने जाते हैं। ट्रू 5जी सेवा की असली परीक्षा इन्हीं शहरों में होगी। अभी लाखों यूजर्स सेवा का उपयोग कर रहे हैं।
एसआईपी से रिकॉर्ड 13 हजार करोड़ का निवेश
म्यूचुअल फंड में एसआईपी के जरिये अक्तूबर में निवेश बढ़कर 13,040 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया के मुताबिक, मई के बाद से एसआईपी से निवेश 12,000 करोड़ से अधिक रहा है। सितंबर में यह आंकड़ा 12,976 करोड़ था।
देबब्रत मुखर्जी इमामी एग्रोटेक के नए सीएमओ
इमामी एग्रोटेक लिमिटेड ने देबब्रत मुखर्जी को नया मुख्य मार्केटिंग एवं स्ट्रैटजी अधिकारी (सीएमओ) नियुक्त किया है। मुखर्जी के पास मार्केटिंग, सेल्स, बिजनेस स्ट्रैटजी और नवाचार का 28 साल से ज्यादा का अनुभव है। इससे पहले वह किंगफिशर, अल्ट्रा और एमस्टेल जैसी कंपनियों में रह चुके हैं।
फ्लिपकार्ट की नकदी एक साल में 30,000 करोड़ रुपये घटी
ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट की नकदी में एक साल में 3.7 अरब डॉलर (30,000 करोड़ रुपये) की कमी आई है। यह देश में एक साल में किसी भी नए जमाने की कंपनी की नकदी में सबसे बड़ी गिरावट आई है। कंपनी ने बताया कि जुलाई, 2021 में उसके पास एक अरब डॉलर की नकदी थी। सितंबर, 2022 तक यह घटकर 88.7 करोड़ डॉलर रह गई। बाजार के अनुमान के मुताबिक, फ्लिपकार्ट ने जुलाई, 2021 में 3.6 अरब डॉलर की पूंजी जुटाई थी, जो पूरी तरह खर्च हो गई है।
पीएम 2.5 के कारण सालाना 15 लाख अतिरिक्त मौतें
प्रदूषण के बेहद सूक्ष्म कणों पीएम 2.5 के कारण दुनिया में हर साल 15 लाख मौतें हो रही हैं। एक नए अध्ययन में यह दावा किया गया है। साइंस एडवांसेज जर्नल में प्रकाशित इस रिपोर्ट के अनुसार वातावरण में निचले स्तर का पीएम 2.5 प्रदूषण भी पहले के अनुमानों के मुकाबले ज्यादा खतरनाक है।
इससे पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान था कि हर साल 42 लाख लोग पीएम 2.5 के लंबे समय तक संपर्क में रहने के कारण समय से पहले मौत के मुंह में जा रहे हैं। इस रिपोर्ट के मुख्य लेखक कनाडा की मैकगिल यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर स्कॉट वीचेंथल ने बताया कि उनकी टीम ने 70 लाख कनाडाई नागरिकों का स्वास्थ्य और मृत्यु डाटा इकट्ठा कर उसका अध्ययन किया है।
प्रमुख चीनी उदारवादी नेता बाओ टोंग का 90 की उम्र में निधन
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी में राजनीतिक सुधार की आवाज उठाने वाले बाओ टोंग का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्हें 1989 में हुए तियानमेन चौक पर खूनी कार्रवाई के बाद निकाल दिया गया था। टोंग के पुत्र सोन बाओ पु ने एक ट्वीट में बताया कि उनके पिता का बुधवार को निधन हो गया है। वह बीजिंग के एक उपनगर में पुलिस की कड़ी निगरानी में रह रहे थे। 1949 में माओत्से तुंग के तहत सत्ता पर कब्जा करने से पहले बाओ टोंग एक भूमिगत सदस्य के रूप में कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हुए।
ईरान में फिर सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी
ईरान मे हिजाब के खिलाफ दक्षिण-पूर्व में की गई हिंसक कार्रवाई को याद करते हुए प्रदर्शनकारी एक बार फिर सड़कों पर उतर आए। इसे देखते हुए देश के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब ने स्थानीय असंतोष को भड़काने के लिए सऊदी अरब, ब्रिटेन, इस्राइल और अमेरिका को जिम्मेदार ठहराते हुए इन्हें अपना घर संभालने की चेतावनी दी है। प्रसिद्ध ईरानी अभिनेत्री तराने अलीदुस्ती ने भी हिजाब उतारकर महसा मनिसी की मौत का विरोध किया।