सीबीआई ने भोपाल में रिश्वत मामले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के चार अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद तलाशी के दौरान तीन करोड़ रुपये नकद, आभूषण और एक नोट गिनने की मशीन बरामद की है।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि एक मंडल प्रबंधक समेत चार अधिकारियों को कथित रूप से एक कंपनी के लंबित बिलों को जारी करने के एवज में डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई प्रवक्ता आरसी जोशी ने बताया कि भोपाल में छापे के दौरान इन लोगों के पास से तीन करोड़ नकद, एक किलो सोने व चांदी के जेवर और एक नोट गिनने वाली मशीन जब्त की गई। ये पैसे लकड़ी की अलमारी की तिजोरी में बंद थे। इनके पास से एक डायरी भी मिली है जिनमें रिश्वत देने वालों के नाम लिखे हैं। जब्त की गई नकदी को अलग-अलग लिफाफों में रखा गया था जिनमें कुछ पर देने वाली पार्टियों के नाम, तारीख लिखी थी।