महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता-बेटे ने कथित तौर पर अपने पड़ोसी की हत्या करके उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया। फिर बाद में आरोपी पीड़ित के कटे हुए सिर के साथ स्थानीय पुलिस पहुंच गए और आत्मसमर्पण कर दिया।
बुधवार की घटना
घटना बुधवार सुबह डिंडोरी तालुका के नानाशी गांव की है। पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके बेटे को हिरासत में रखा। फिलहाल बेटे की उम्र की पुष्टि नहीं हुई है।
दरांती से की हत्या
अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि 40 साल के सुरेश बोके और उसके बेटे ने अपने 35 वर्षीय पड़ोसी गुलाब रामचंद्र वाघमारे की कुल्हाड़ी और दरांती से हत्या कर दी। घटना के बाद वे पीड़ित का सिर और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार लेकर नानाशी चौकी पुलिस चौकी पहुंचे।
लोगों ने आरोपियों की जलाई कार
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को घटना के बारे में पता चलने के बाद उन्होंने आरोपी पिता-पुत्र के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया और उनकी कार को आग लगा दी। इस घटना से गांव में तनाव फैल गया। स्थानीय पुलिस के अलावा आसपास के पुलिस थानों के कर्मचारियों और राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) को सुरक्षा कारणों से गांव में तैनात किया गया।
लंबे समय से था विवाद
उन्होंने आगे कहा, 'शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित पड़ोसी थे और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने 31 दिसंबर को एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अगले दिन, बोके ने अपनी बेटी को भागने में मदद करने के संदेह में वाघमारे की हत्या कर दी।'
मामला दर्ज
पीड़ित की 34 वर्षीय पत्नी मीनाबाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर बुधवार रात को पेठ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) (हत्या), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 351 (2) (3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने कहा, 'जबकि बोके को गिरफ्तार कर लिया गया, उसके बेटे को हिरासत में लिया गया। दोनों को सुरक्षा कारणों से डिंडोरी पुलिस को सौंप दिया गया। उन्हें गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।'