किसानों ने केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को सभी धरनास्थलों पर रिले भूख हड़ताल करने का फैसला किया है। साथ ही हरियाणा में 25 से 27 दिसंबर तक सभी राजमार्गों पर टोल टैक्स वसूली को रोक देंगे। गौरतलब है कि करीब चार हफ्तों से मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा के हजारों किसान दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
योगेंद्र यादव बोले, आज सभी धरनास्थलों पर करेंगे भूख हड़ताल
स्वराज इंडिया के प्रमुख योगेंद्र यादव ने रविवार को सिंघु बॉर्डर पर मीडियाकर्मियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर 11 सदस्य भूख हड़ताल शुरू करेंगे। साथ ही उन्होंने देश के अन्य हिस्सों में प्रदर्शन कर रहे लोगों से भी एक दिन का उपवास रखने की अपील की। इस मौके पर मौजूद किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 23 दिसंबर को किसान दिवस के रूप में मनाया जाएगा।