फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rail Roko Andolan Live: पंजाब-हरियाणा और बिहार में दिखा रेल रोको अभियान का असर, कई जगह रोकी गईं ट्रेनें

Thu, 18 Feb 2021 05:08 PM IST
स्नेहा बलूनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

तीन कृषि कानूनों के विरोध में आज किसानों ने देशभर में रेल रोको अभियान का आह्वान किया है। यह अभियान दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चला। आंदोलनरत किसान जहां एक ओर लगातार भारत सरकार से बातचीत कर रहे हैं वहीं आंदोलन को धार देने में भी जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में आज संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से पूरे देश में रेल रोको आंदोलन किया जा रहा है। अंबाला, पटना, जम्मू-कश्मीर, पलवल और रांची में इस अभियान का असर देखने को मिल रहा है। वहीं जयपुर में प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं। वहीं दिल्ली मेट्रो ने एहतियातन चार मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया है। अभियान समाप्त होने के बाद रेलवे ने कहा कि इसका ट्रेनों के संचालन पर असर न के बराबर रहा और अब सभी ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
किसान रेल रोको आंदोलन: पंजाब के सुनाम में रेलवे पटरियों पर बैठे किसान - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:08 PM, 18-Feb-2021

राजस्थान के छह जिलों में रहा अभियान का असर

केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीन विवादित कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने गुरुवार को पूरे देश में रेल रोको अभियान चलाया। इस अभियान का असर राजस्थान में भी देखने को मिला। राजस्थान के छह जिलों में इसका प्रभाव दिखा। राजधानी जयपुर समेत अलवर, बूंदी, कोटा, चुरू और हनुमानगढ़ में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनें रोकीं। जयपुर के गांधीनगर स्टेशन पर प्रदर्शनकारी ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए। इस दौरान राजस्थान के रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहे।

04:50 PM, 18-Feb-2021

सामान्य हुआ ट्रेनों का संचालन

भारतीय रेलवे ने कहा कि रेल रोको अभियान बिना किसी अनचाही घटना के पूरा हो गया। पूरे देश में संचालित हो रही ट्रेनों पर इस अभियान का नगण्य असर रहा। सभी जोन में ट्रेनों का संचालन अब सामान्य है। कुछ इलाकों में कुछ ट्रेनें रोकी गई थीं लेकिन अब ट्रेनों का संचालन सामान्य है।

04:30 PM, 18-Feb-2021

उत्तरी जोन की 25 ट्रेनें विनियमित की गईं

किसानों के रेल रोको अभियान की वजह से उत्तरी जोन में करीब 25 ट्रेनों को विनियमित किया गया है। यह जानकारी एक क्षेत्रीय रेलवे प्रक्ता ने दी। प्रवक्ता ने हालांकि कहा कि अभी तक इस आंदोलन का रेलवे पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा है। ट्रेनों को विनियमित करने का अर्थ है कि या तो उन्हें रद्द कर दिया गया है, कुछ समय के लिए रोक दिया गया है या उनका मार्ग बदल दिया गया है।

रेलवे ने आरपीएसएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियों को पूरे देश में तैनात किया है। इनकी तैनाती विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में की गई है। हालांकि, रेलवे ने अभी तक इस अभियान के असर के बारे में पूरी जानकारी मुहैया नहीं कराई है। लेकिन, एक अधिकारी ने बताया कि इसका असर अंबाला में देखा जा सकता है, जहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए हैं।

विज्ञापन
04:17 PM, 18-Feb-2021

जुलाना में रुकी मालगाड़ी के चालक को किसान ने पिलाई चाय

कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने गुरुवार को रेल रोको अभियान के तहत देश के कई हिस्सों में ट्रेनें जरूर रोकीं। लेकिन, कई जगहों से ट्रेन के चालकों और पुलिसकर्मियों को चाय-पानी पिलाने,  पकौड़े खिलाने की खबरें भी सामने आईं। उत्तर प्रदेश के मोदीनगर में किसानों ने जहां पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाई। यह तस्वीर हरियाणा के जुलाना की है, जहां रुकी हुई मालगाड़ी के चालक को एक किसान चाय पिला रहा है।

04:11 PM, 18-Feb-2021

पुणे में रोकी गई कोयना एक्सप्रेस, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

महाराष्ट्र के पुणे में भी रेल रोको अभियान का असर देखने को मिला। विभिन्न संगठन और राजनीतिक दल इस अभियान में शामिल हुए। श्रमिक कल्याण कार्यकर्ता नितिन पवार ने कहा कि पुणे रेलवे स्टेशन पर रेल रोको अभियान में कांग्रेस, शिवसेना, एनसीपी, जनता दल और आम आदमी पार्टी जैसे राजनीतिक दल शामिल हुए। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कोयना एक्सप्रेस रोक दी और ट्रेन के सामने खड़े होकर नारेबाजी की।

रेलवे स्टेशन पर अभियान में शामिल रहे पवार के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। एक रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अधिकारी ने बताया कि पवार समेत तीन कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला अवैध रूप से रेलवे प्लेटफॉर्म पर आने, रेलवे ट्रैक पार करने और नारेबाजी करने के लिए दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि इनके खिलाफ रेलवे एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन
03:55 PM, 18-Feb-2021

मोदीनगर में भाकियू सदस्यों ने पुलिस पर बरसाए फूल

मोदीनगर में भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों पर फूल बरसाए और मिठाई की पेशकश की। पुलिस ने यूनियन सदस्यों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की।
 
 

03:52 PM, 18-Feb-2021

खुर्जा जंक्शन पर दो मिनट रोकी गई हमसफर एक्सप्रेस

नई दिल्ली-दरभंगा हमसफर एक्सप्रेस खुर्जा जंक्शन पर किसान नेताओं ने दो मिनट रोकी। इसके बाद ट्रेन रवाना की गई। अभी-अभी ट्रेन अलीगढ़ जंक्शन से गुजरी है।

03:51 PM, 18-Feb-2021

गाजियाबाद पुराना स्टेशन पर रुकी उत्कल एक्सप्रेस

किसान आंदोलन के बीच  गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर  दोपहर 2.20 बजे उत्कल एक्सप्रेस आई। मोदीनगर में किसानों द्वारा रेल को रोके जाने की सूचना पर रेलवे व जिला प्रशासन ने गाजियाबाद पुराना स्टेशन पर ही उत्कल एक्सप्रेस को रोके रखा है।

03:03 PM, 18-Feb-2021

हम फसल काटने के साथ-साथ करेंगे विरोध

हरियाणा के खरक पुनिया में बीकेयू के राकेश टिकैत ने कहा, 'केंद्र को किसी तरह की कोई गलत धारणा नहीं होनी चाहिए कि किसान फसल की कटाई के लिए वापस चले जाएंगे। यदि उन्होंने जोर दिया तो हम अपनी फसलों को जला देंगे। उन्हें यह नहीं सोचना चाहिए कि विरोध 2 महीने में खत्म हो जाएगा। हम फसल काटने के साथ-साथ विरोध करेंगे।'
 
 

02:54 PM, 18-Feb-2021

उत्तराखंड में भी धरना और प्रदर्शन

किसान आंदोलन के क्रम में उत्तराखंड में भी गुरुवार को रेल रोको आंदोलन के समर्थन में धरना और प्रदर्शन किया गया। इसके तहत किसानों के विभिन्न संगठन रुड़की रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए और रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। करीब 20 मिनट बाद एएसडीएम पूरण सिंह राणा को ज्ञापन देकर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।

02:43 PM, 18-Feb-2021

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस को रोका गया

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस को रोक दिया गया है क्योंकि मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर किसानों ने पटरियों को बाधित कर दिया है।

02:33 PM, 18-Feb-2021

रेल रोको एलान का आगरा में असर नहीं

रेल रोको एलान का असर आगरा में दिखाई नहीं दे रहा है। गुरुवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश करने दिया। वेंडरों को भी स्टेशन के अंदर नहीं घुसने दिया। जिले के कई किसान नेताओं पर पुलिस की नजर है। 
 

02:20 PM, 18-Feb-2021

पश्चिमी यूपी में पटरियों पर बैठे किसान

पश्चिमी यूपी के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन शुरू हो गया है। वहीं सहारनपुर जनपद के टपरी जंक्शन पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं और उन्होंने स्टेशन पर ही चाय व हलवा बनाना शुरू कर दिया है। उधर, मेरठ सिटी जंक्शन पर भी कार्यकर्ताओं का जत्था पहुंच चुका है। वे पटरी पर दरी डालकर बैठ गए हैं और उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। 

02:15 PM, 18-Feb-2021

जम्मू में भी दिखा किसान आंदोलन का असर

जम्मू के छन्नी के पास से गुजर रही रेलवे लाइन पर किसानों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसान रेलवे लाइन पर धरने पर बैठे हुए हैं, जिसका प्रभाव जम्मू आने वाली ट्रेनों पर पड़ रहा है।

 

01:44 PM, 18-Feb-2021

फिरोजपुर डिवीजन में असर

उत्तर रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन ने ट्रेनों को स्टेशन पर ही रोकने का फैसला लिया है ताकि यात्रियों को रेल रोको आह्वान के कारण परेशानी ना उठानी पड़े। अधिकारियों ने बताया कि किसानों के रेल रोको आह्वान के कारण ट्रेनें देरी से चल सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ट्रेन सेवा पुन:बहाल की जाएगी।

01:33 PM, 18-Feb-2021

जयपुर में ट्रैक पर बैठे आंदोलनकारी

जयपुर में जगतपुरा और गांधी नगर में ट्रैक पर आंदोलनकारी बैठ गए हैं जिसके कारण ट्रेन रोकी गई हैं।

01:30 PM, 18-Feb-2021

शांतिपूर्ण है किसान आंदोलन

यूपी एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा, 'यूपी में किसान आंदोलन अब तक शांतिपूर्ण है। अभी तक न तो किसी कानून-व्यवस्था की स्थिति की सूचना दी गई और न ही 'रेल रोको' आंदोलन अभियान की। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसानों की आड़ में कोई असामाजिक तत्व शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को बर्बाद न करें। पुलिस को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।'
 
 

01:21 PM, 18-Feb-2021

जालंधर कैंट स्टेशन पर सुपर एक्सप्रेस को रोका गया

फिरोजपुर मंडल के फगवाड़ा स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस तथा जालंधर कैंट स्टेशन पर सुपर एक्सप्रेस को रोका गया है और इसी तरीके अप डायरेक्शन में जम्मू से आने वाली मालवा एक्सप्रेस को पठानकोट कैंट स्टेशन पर तथा लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पश्चिम एक्सप्रेस को रोका गया है।

01:18 PM, 18-Feb-2021

पलवल में रेलवे ट्रैक को प्रदर्शनकारियों ने अवरुद्ध कर दिया

हरियाणा में कृषि कानूनों के खिलाफ देशव्यापी 'रेल रोको' आंदोलन के तहत पलवल में रेलवे ट्रैक को प्रदर्शनकारियों ने अवरुद्ध कर दिया। मौके पर सुरक्षाकर्मी भी मौजूद हैं।
 
 

01:08 PM, 18-Feb-2021

हरियाणा में रेल रोको अभियान का असर

रेवाड़ी के दिल्ली जयपुर रेलवे मार्ग पर हरियाणा राजस्थान सीमा के अजर का जंक्शन के पास रेलवे लाइन पर बैठे किसान 2:00 से 4:00 के बीच में इस मार्ग से बरेली भुज जम्मू तवी एक्सप्रेस गुजरनी है। बरेली भुज रेवाड़ी जंक्शन पर करीब 1:30 बजे पहुंचेगी लेकिन अजरका में रेलवे लाइन पर किसानों के बैठने के कारण ट्रेन को रेवाड़ी में ही रोक दिया जाएगा

01:00 PM, 18-Feb-2021

जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी

जम्मू-कश्मीर में यूनाइटेड किसान फ्रंट के तत्वावधान में जम्मू के चन्नी हिमात क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी। किसानों ने कृषि कानून के विरोध में आज चार घंटे का राष्ट्रव्यापी 'रेल रोको' आंदोलन का आह्वान किया है।
 
 

12:56 PM, 18-Feb-2021

अमृतसर में रेलवे ट्रैक पर विरोध करते प्रदर्शनकारी

पंजाब में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने रेल रोको आंदोलन के तहत अमृतसर में रेलवे ट्रैक पर विरोध प्रदर्शन किया।
 
 

12:44 PM, 18-Feb-2021

बिहार में कई लोग हिरासत में

पटना में सचिवालय हाल्ट पर रेलवे ट्रैक जाम करने को लेकर पप्पू यादव की पार्टी जाप के एक दर्जन कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए हैं।

12:41 PM, 18-Feb-2021

जम्मू-कश्मीर में पटरियों पर डटे प्रदर्शनकारी

जम्मू-कश्मीर में पटरियों पर किसान आंदोलन के समर्थन में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

 

12:39 PM, 18-Feb-2021

बहादुरगढ़ में किसान आंदोलन बेअसर

बहादुरगढ़ में किसान आंदोलन बेअसर। करीब सवा बारह बजे बिना रुकावट दिल्ली के लिए जम्मूतवी एक्सप्रेस निकाली गई।

12:27 PM, 18-Feb-2021

हरियाणा-पंजाब में शुरू हुआ रेल रोको अभियान

संयुक्त किसान मोर्चा का रेल रोको अभियान हरियाणा में 80 स्थानों और पंजाब के 15 जिलों में 21 स्थानों पर शुरू हो गया है। नरवाना व बरसोला में रेलवे ट्रैक पर किसान बैठ गए हैं। फतेहाबाद के टोहाना में ट्रैक जाम कर दिया गया है। किसानों की तरफ से भी तैयारियां पूरी हैं। पंजाब के पठानकोट में चक्की बैंक रेलवे स्टेशन पर ट्रैक जाम कर दिया गया है।

12:25 PM, 18-Feb-2021

रेलवे ने 20 अतिरिक्त कंपनियों को सुरक्षा में तैनात किया

रेलवे ने रेलवे संरक्षा विशेष बल की 20 अतिरिक्त कंपनियों को सुरक्षा में तैनात किया है। यह तैनाती खास तौर से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल को ध्यान में रखते हुए की गई है।

11:58 AM, 18-Feb-2021

दिल्ली मेट्रो ने चार मेट्रो स्टेशन किए बंद

टिकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार को बंद कर दिया गया है। यह जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दी है। किसानों ने आज चार घंटे लंबे देशव्यापी रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया है।
 

 

11:55 AM, 18-Feb-2021

नांगलोई रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में जवान तैनात हैं

दिल्ली के नांगलोई रेलवे स्टेशन पर किसानों के चार घंटे लंबे देशव्यापी 'रेल रोको' आंदोलन के मद्देनजर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं।
 
 

11:49 AM, 18-Feb-2021

पंजाब-हरियाणा और बिहार में दिखा रेल रोको अभियान का असर, कई जगह रोकी गईं ट्रेनें

जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन
बिहार में जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के कार्यकर्ताओं ने पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कृषि कानूनों के खिलाफ 'रेल रोको' आंदोलन में हिस्सा लिया।
 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें