देश में जहां सरकार के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है वहीं कांग्रेस ने भी सोमवार को सिलसिलेवार ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला। कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई का बढ़ना और भाजपा के विवेक का घटना लगातार जारी है। आम आदमी की थाली पर पड़ रही विपदा भारी है।
कांग्रेस ने कहा कि देश में कुपोषण की स्थितियां चिंताजनक मोड़ लेती जा रही हैं और भाजपा सरकार इससे भी मुंह मोड़ रही है। लेकिन आंखें मूंद लेने से खतरा टल नहीं जाता है।
किसान आंदोलन को लेकर भी बोला हमला
किसान आंदोलन को लेकर भी कांग्रेस ने जमकर हमला बोला। ट्वीट में लिखा कि पहले पंजाब और अब पंजाब-हरियाणा तक सीमित बताने वाली भाजपाई सल्तनत आंखें खोलकर अपने ही शासित राज्य मध्यप्रदेश की तबाह होती मंडी व्यवस्था के सच को देखे। शायद उसको सद्बुद्धि आ जाए!
हम आजादी के संघर्ष के भागीदार
एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस ने कहा कि आजादी के संघर्ष की कीमत वही जानता है, जो इस संघर्ष का भागीदार रहा हो। कांग्रेस इसकी भागीदार रही है। इसलिए महत्व जानती है।