किसानों की यूनियनों के निकाय संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने दिशा रवि की गिरफ्तारी की निंदा की और उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग की। एसकेएम ने साथ ही हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल की तीन कृषि कानूनों का विरोध करने वाले किसानों की मौत को लेकर टिप्पणी की भी निंदा की और चेतावनी दी कि लोग उन्हें इस तरह के 'अहंकार' के लिए एक दिन सबक सिखाएंगे। एसकेएम नेता दर्शन पाल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, 'सरकार ने संसद में बेशर्मी से स्वीकार किया कि उसके पास उन किसानों का कोई आंकड़ा नहीं है, जिन्होंने जारी आंदोलन में अपनी जान कुर्बान की।'
वैचारिक आजादी पर हो रहे हमले: शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पूछा है कि क्या सरकार को अपनी छवि खराब होने की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा, 'भारत में किसान आंदोलन को दबाने के लिए जिस तरह से राजनीतिक विरोध और वैचारिक आजादी पर हमले हो रहे हैं, दिशा रवि की गिरफ्तारी उसमें नया कदम है। क्या भारत सरकार को दुनिया में अपनी छवि खराब होने की जरा भी परवाह नहीं है?'
सरकार कार्यकर्ता को क्यों बना रही है निशाना: मीना हैरिस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति की भांजी और पेशे से वकील मीना हैरिस ने दिशा की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'भारतीय अधिकारियों ने एक अन्य महिला कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है, क्योंकि उसने किसानों के विरोध का समर्थन करने के लिए सोशल मीडिया टूलकिट पोस्ट की थी। सरकार से पूछना चाहिए कि आखिर वो क्यों कार्यकर्ता को निशाना बना रहे हैं।'
भाजपा नेताओं ने विपक्षी नेताओं को घेरा
भाजपा सांसद ने दिशा रवि की गिरफ्तारी पर सवाल उठा रहे विपक्षी नेताओं के खिलाफ हमला बोला है। बंगलूरू सेंट्रल से भाजपा सांसद पीसी मोहन ने लिखा है कि बुरहान वानी 21 साल का था। अजमल कसाब 21 साल का था। उम्र केवल एक संख्या है। कोई कानून से ऊपर नहीं है। कानून अपना काम करेगा। अपराध, अपराध होता है।वहीं हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने ट्वीट किया कि देश विरोध का बीज जिसके भी दिमाग में हो उसका समूल नाश कर देना चाहिए फिर चाहे वह दिशा रवि हो या कोई और।
कौन है दिशा रवि
नार्थ बंगलूरू के सोलादेवना हल्ली इलाके की रहने वाली व जलवायु कार्यकर्ता दिशा ने माउंट कैमेल कॉलेज से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन स्नातक की डिग्री हासिल की है। इस समय वह गुड माइल्क कंपनी के साथ जुड़ी हुई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी के समय वह अपने घर में की काम कर रही थी। दिशा रवि के पिता मैसूर में एक एथलेटिक कोच है। मां एक गृहिणी हैं। दिल्ली पुलिस ने दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर बंगलूरू पुलिस को जानकारी दी थी।
टूलकिट में क्या था
टूलकिट में बताया गया था किसान आंदोलन में सोशल मीडिया पर समर्थन कैसे जुटाया जाए। हैशटैग का इस्तेमाल किस तरह से किया जाए और प्रदर्शन के दौरान क्या किया जाए और क्या नहीं, सब जानकारी इसमें मौजूद थी। तीन फरवरी को एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने किसानों का समर्थंन करते हुए इस टूल किट को सोशल मीडिया पर शेयर किया था। बाद में इस टूलकिट को सोशल मीडिया ने प्रतिबंधित कर उसे डिलीट कर दिया था।