महाराष्ट्र के नासिक जिले के कई इलाकों में किसानों ने प्याज की कीमतों में गिरावट के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्याज की सबसे बड़ी मंडी लासलगांव सहित देवला, पिंपलगांव, येवला और अंदरसूल में किसानों ने सड़क जाम कर दिया। इसके चलते पूरे दिन प्याज की नीलामी रुक गई।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को लासलगांव में प्याज की कीमत औसतन 1450 रुपये प्रति कुंतल थी। बीती 27 फरवरी को केंद्र सरकार की ओर से प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध हटाए जाने की खबर के बाद लासलगां प्याज मार्केट में औसतन प्याज की कीमत 300 रुपये प्रति कुंतल बढ़ गई थी।
अधिकारी के मुताबिक निर्यात हटाने संबंधी खबर आई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने अभी तक केंद्र सरकार की तरफ से कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है जिसके चलते प्याज की कीमतों में गिरावट आई है। इसके बाद किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया।
अधिकारी के अनुसार लासलगांव कृषि उत्पाद बाजार समिति (एपीएमसी) में प्याज की नीलामी न्यूनतम 900 रुपये प्रति कुंतल और अधिकतम 1652 रुपये प्रति कुंतल और औसतन 1450 रूपये प्रति कुंतल रही।