एमएसपी से कम पर हो रही खरीद
मंडी में मक्का 1105 रुपए से 1532 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बिक रही है जबकि मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1700 रुपए प्रति क्विंटल है। ज्वार 2450 रुपए की एमएसपी से 2 हजार रुपए प्रति क्विंटल कम पर खरीदी जा रही है। वहीं,अरहर का एमएसपी 5,675 रुपए है, जो 2750 से 3200 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदी जा रही है। उड़द का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5600 रुपए प्रति क्विंटल है, जो मंडी में 3050 रुपए प्रति क्विटंल के भाव से खरीदी जा रही है।
बाजरे का मंडी भाव 1350 रुपए प्रति क्विंटल है, जबकि एमएसपी 1950 रुपए है। वहीं कपास की खरीद 2800 से 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल है, जबकि इसकी एमएसपी 5150 से 5450 रुपए प्रति क्विंटल है। वहीं मूंग दाल की खरीद भी एमएससपी से कहीं कम हो रही है। मंडी में मूंग की खरीद 4600 रुपए है, वहीं इसका एमएसपी 6975 रुपए प्रति क्विंटल है। हालांकि बुंदेलखंड और राजस्थान में मूंग का रेट 3000 रुपए प्रति क्विंटल से भी कम है।
बाजार तय करता है कीमतें
कृषि उपज विपणन समिति नरेला के सचिव सुनिल महाजन का कहना है कि मंडी में कीमतें रोज बदलती हैं, जो कमोडिटी बाजार के अनुसार होती हैं। उन्होंने बताया कि बाजार में मांग के मुताबिक भाव तय होते हैं यानि मांग बढ़ने पर किसानों को ज्यादा दाम मिलते हैं और अगर मांग में सुस्ती हो तो कम दाम में सौदा करना पड़ता हैं। महाजन का कहना है कि मंडी में न्यूनतन समर्थन मूल्य के हिसाब से किसानों की कीमतें देने की कोशिश की जाती है, लेकिन फसल की गुणवत्ता भी उसी के मुताबिक होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार ने एमएसपी के साथ कुछ मानक भी तय किए हैं, अगर फसल तय मानकों पर खरी नहीं उतरती है, तो खरीदार ढूंढना मुश्किल होता है।
एमएसपी ट्रेडर पर भी लागू हो
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक का कहना है कि असल मुद्दा यह है कि सरकार जो एमएसपी तय करती है वह ट्रेडर पर भी लागू हो, उससे नीचे पर खरीद न हो। उनका कहना है कि महाराष्ट्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे नहीं खरीद करने का कानून लागू किया है। ऐसा ही कानून सभी राज्यों में लागू करना होगा, तभी किसान को फसल के पूरे दाम मिल सकते हैं।
खरीफ फसलें एमएसपी 2018-19 मंडी में भाव 2017-18 का एमएसपी
धान सामान्य 1750 रुपए 1700 से 3225 1550 रुपए
मक्का 1700 रुपए 1105 से 1532 1425 रुपए
अरहर 5675 रुपए 2750 से 3200 5450 रुपए
उड़द 5600 रुपए 3050 रुपए 5400 रुपए
बाजरा 1950 रुपए 1350 रुपए 1425 रुपए
कपास 5150 से 2800 से 3000 4320 रुपए
मूंग 6975 रुपए 4500 से 4600 5575 रुपए