देश में किसानों की आय दोगुनी हुई है या नहीं, अगर हुई है तो कितनी हुई है। यह सवाल सड़क से लेकर संसद में भी पूछा जा रहा है। मंगलवार को लोकसभा में इस बाबत सवाल पूछा गया। लोकसभा सदस्य डॉ. एमपी अब्दुस्समद समदानी ने पूछा, सरकार की 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने वाली नीति की प्रगति के संबंध में ब्यौरा क्या है। दूसरा, किसानों की वास्तविक आय वृद्धि का आकलन करने के लिए क्या उपाय किए गए हैं और क्या इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कोई अद्यतन लक्ष्य या समय सीमा क्या है। कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने बताया, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने 75 हजार किसानों की सफलता की कहानियों का संकलन जारी किया है, जिन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा संबद्ध मंत्रालयों/विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अभिसरण द्वारा अपनी आय में दो गुना से अधिक की वृद्धि की है।
राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण कार्यालय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने देश के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि वर्ष जुलाई 2018, जून 2019 के संदर्भ में एनएसएस के 77वें दौर 'जनवरी 2019-दिसंबर 2019' के दौरान कृषि परिवारों का स्थिति आकलन सर्वेक्षण किया। इन सर्वेक्षणों के अनुसार, प्रति कृषि परिवार की अनुमानित औसत मासिक आय वर्ष 2012-13 (एनएसएस 70वें दौर में) 6426 रुपये से बढ़कर 2018-19 (एनएसएस 77वें दौर) में 10218 रुपये हो गई है। घरेलू उपभोग व्यय पर एनएसएसओ सर्वेक्षण (2023-24) के अनुसार, अखिल भारतीय औसत मासिक प्रति व्यक्ति उपभोग व्यय के अनुमानों की तुलना नीचे दी गई है।