हजयात्रा की फीस तय कर दी गई है। पिछले साल की तुलना में इस बार हज का सफर महंगा होगा। दिल्ली से हज के पाक सफर पर जाने वाले ग्रीन कैटेगरी के हजयात्रियों को 2,21050 रुपये जमा करने होगे। जबकि अजीजिया कैटेगरी की फीस 1,87150 रुपये होगी। दोनों कैटेगरी में पिछले साल की तुलना में पांच हजार और तैंतालीस सौ रुपये की वृद्धि की गई है। आजमीनों को फीस दो जुलाई तक जमा करनी है। हालांकि हज यात्री पहले ही 81 हजार रुपये जमा कर चुके हैं।
इस बार हज कमेटी की ओर से हज फीस तय नहीं की गई थी, जबकि और सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थी। कुर्रा में जिन आजमीनों के नाम निकले, उनसे पहली किस्त के रूप में 81 हजार रुपये जमा करा लिए गए। अब हज कमेटी ने फीस तय कर दी है। इस बार ग्रीन कैटेगरी के हजयात्रियों को एक लाख चालीस हजार पचास रुपये और अजीजिया कैटेगरी के हजयात्रियों को एक लाख छह हजार एक सौ पचास रुपये और जमा करने होंगे।
ग्रीन कैटेगरी की फीस 2,21050 और अजीजिया की फीस 1,87150 रुपये है। शिया हजयात्रियों को दोनों कैटेगरी में 1820 रुपये अधिक देना होगा। हज ट्रेनर हाजी मुख्तार असलम ने बताया कि अब फीस तय हो गई है। हजयात्रियों को दो जुलाई तक फीस जमा करना होगा। उन्होंने हजयात्रियों से समय से फीस जमा करने की अपील की है।