घटना तब सामने में आई, जब चिकित्सक का वाहन चालक गुरुवार को अन्ना नगर स्थित उनके आवास पर काम करने आया। दरवाजा न खुलने पर जब उसे शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी।
चेन्नई में गुरुवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों का शव उनके अपने ही घर से बरामद किए गए। मृतकों में दो किशोर भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि एक कमरे में चिकित्सक और पेशे से अधिवक्ता उनकी पत्नी का शव मिला, जबकि दूसरे कमरे में दंपति के दो बेटों के शव पाए गए। पुलिस को संदेह है कि उन्होंने आत्महत्या की होगी।
विज्ञापन
कैसे सामने आया मामला?
घटना तब सामने में आई, जब चिकित्सक का वाहन चालक गुरुवार को अन्ना नगर स्थित उनके आवास पर काम करने आया। दरवाजा न खुलने पर जब उसे शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोलने पर पुलिस ने देखा कि चिकित्सक बालामुरुगन (52) और उनकी पत्नी सुमति (47) के शव उनके आवास के एक कमरे में थे, जबकि उनके बेटों के शव दूसरे कमरे में थे।
मामले की जांच जारी
थिरुमंगलम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें संदेह है कि बढ़ते कर्ज के कारण इन लोगों ने आत्महत्या की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
हैदराबाद में दिल दहला देने वाली घटना
इससे पहले तेलंगाना से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई थी। यहां आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे एक दंपति ने पहले अपने दो बच्चों की कथित रूप से हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के मुताबिक, ‘डायल 100’ पर सूचना मिली थी कि सोमवार रात हब्सीगुडा में रहने वाले एक परिवार ने अपने घर में आत्महत्या कर ली है। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
‘सुसाइड नोट’ बरामद
पुलिस ने बताया था कि 45 वर्षीय चंद्रशेखर और उसकी 35 वर्षीय पत्नी कविता ने अपनी बेटी (14) श्रीता और बेटे (10) विश्वन की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने खुद फांसी लगा ली। व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक सुसाइड नोट बरामद किया गया। इसमें कहा गया कि वह वित्तीय समस्याओं की वजह से अपने परिवार के सदस्यों के साथ खुद की भी जिंदगी खत्म कर रहा है। मृतक चंद्रशेखर छह महीने से बेरोजगार था।