फेसबुक समेत कई सोशल मीडिया कंपनियों ने अपने प्लेटफॉर्मों पर पोस्ट की गई सामग्री को लेकर केंद्र सरकार के नए दिशा-निर्देशों का स्वागत किया है।
फेसबुक ने कहा, हमारे प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की सुरक्षा सबसे अहम है। खुद को भारत का सहयोगी बताते हुए फेसबुक ने कहा, हम भारत के डिजिटल बदलाव की दिशा में लगातार काम करते रहेंगे।
कंपनी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा, हम नए दिशा-निर्देशों को सावधानी से और विस्तृत अध्ययन करेंगे। हम सरकार की ओर से सोशल मीडिया के सकारात्मक योगदान का स्वीकार किए जाने की सराहना करते हैं।
वहीं, देसी माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म कू ने कहा, नए नियमों से सोशल मीडिया की जवाबदेही और स्पष्ट होगी। कू के प्रवक्ता ने कहा, सोशल मीडिया यूजर्स का कुछ ही तबका कानूनों के खिलाफ रहता है। नए नियमों से ऐसी कोशिशों पर लगाम लगेगी।
वहीं, इंडिया टेकडॉट ओआरजी के सीईओ रमेश कैलाशम ने कहा, इन नियमों से शिकायतों और निवारण के लिए अनुपालन अधिकारी होंगे तो मामलों का निपटारा हो सकेगा, मूल स्रोतों की पहचान हो सकेगी।
बीएमएल मुंजाल यूनिवर्सिटी के डीन निगम निग्गेहल्ली ने कहा, ये नियम सोशल मीडिया और ओटीटी सामग्री को विनियमित करने की कोशिश करेंगे। अश्लील सामग्री और फर्जी खबर दो सबसे स्पष्ट समस्याएं हैं। असल मुद्दा जिसका हमें इंतजार करना और देखना होगा कि यह देखना है कि नियमों को कैसे लागू किया जाता है और क्या अधिक नौकरशाही पर्यवेक्षण से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।