तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक कंपनी में रिएक्टर विस्फोट में सात लोग घायल हो गए है। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। नलगोंडा एसपी रेमा राजेश्वरी ने बताया कि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला दर्ज किया जाएगा और आगे की जांच की जाएगी।
नवाब मलिक को राहत नहीं
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राकांपा नेता और पूर्व मंत्री नवाब मलिक ने विशेष पीएमएलए अदालत में जमानत याचिका दायर की थी। जिस पर आज सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान ईडी ने नवाब मलिक की जमानत का विरोध किया। इस याचिका पर अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी।
कर्नाटक: गड्ढे के कारण मौत मामले में केस दर्ज
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 18 अगस्त को सड़क पर गड्ढे के कारण कथित तौर पर मोटरसाइकिल से गिरने के बाद 44 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले में आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उद्योगपति के बेटे को धमकी देने के मामले में एक गिरफ्तार
वहीं, कर्नाटक में उद्योगपति के बेटे को धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला पर फिरौती मांगने का भी आरोप है। पुलिस ने महिला के अलावा उसके तीन साथियों को भी पकड़ लिया है। आरोप है कि महिला और उसके साथी उद्योगपति के बेटे को धमकी देकर चार करोड़ रुपये की उगाही मांग रहे थे। आरोपी महिला का नाम पुष्पा है। अन्य आरोपियों के नाम अयप्पा उर्फ अर्जुन, राकेश और संतोष है। पुष्पा गैंग की सरगना थी। गिरोह ने उद्योगपति के बेटे सूरज को सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा देकर फंसाया था।