गोरखपुर। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा, उत्तर प्रदेश में पांच जनवरी को पूरे राज्य में टीके का पूर्वाभ्यास किया जाएगा और मकर संक्रांति (14 जनवरी) के करीब प्रदेश को टीका मिलेगा। उन्होंने शनिवार को प्रदेश के कुछ जगहों पर हुए पूर्वाभ्यास का जिक्र करते हुए कहा, कोरोना टीकाकरण के लिए प्रदेश में जिला स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
ब्रिटेन से आने वालों को 72 घंटे पहले की निगेटिव रिपोर्ट लानी जरूरी
स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में कहा, ब्रिटेन से आठ जनवरी से 30 जनवरी के बीच आने वाले सभी यात्रियों को देश में आगमन पर खुद के पैसे पर कोविड-19 जांच करानी होगी। ब्रिटेन से आने वाले हर यात्री को यात्रा से 72 घंटे पहले कराई गई अपनी कोविड-19 जांच की निगेटिव रिपोर्ट लानी होगी।
ब्रिटेन के लिए पहली उड़ान छह को
केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को ट्वीट कर बताया कि ब्रिटेन के लिए भारत से पहली उड़ान छह जनवरी को शुरू होगी। वहीं, ब्रिटेन से भारत के लिए उड़ानें आठ जनवरी से शुरू होंगी। हर हफ्ते 30 उड़ानें संचालित होंगी। 15-15 उड़ानें भारतीय और ब्रिटिश विमान सेवाओं द्वारा होंगी। ये उड़ानें 23 जनवरी तक के लिए हैं। इसके आगे की उड़ानों पर फैसला समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा।
भारत इकलौता देश, जहां चार टीके तैयार: जावडे़कर
भारत शायद इकलौता देश, जहां चार टीके तैयार हो रहे हैं। इनमें से एक टीके (कोविशील्ड) को शुक्रवार को आपातकालीन इस्तेमाल की मंज़ूरी मिली। कम से कम तीन और टीके भारत में इस्तेमाल की अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं।-प्रकाश जावडे़कर, केंद्रीय मंत्री
दिल्ली, यूपी समेत देश के कई राज्यों में दूसरा पूर्वाभ्यास
कोरोना के टीके के दूसरा पूर्वाभ्यास शनिवार को दिल्ली, यूपी, असम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना में किया गया। यह पूर्वाभ्यास सफल रहा। पहला पूर्वाभ्यास असम, गुजरात, आंध्र प्रदेश और पंजाब में किया गया था।