दरअसल, मेलबर्न के जिस रेस्त्रां में बैठकर भारतीय क्रिकेटर्स लंच कर रहे थे। उसी जगह नवलदीप सिंह नामक भारतीय क्रिकेट फैन भी मौजूद थे। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को सामने बैठा देख उन्होंने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। एक के बाद नवलदीप ने लगातार कई ट्वीट्स किए, जिसमें उन्होंने अपने पसंदीदा स्टार्स का बिल चुकाने की बात भी कही। साथ ही साथ यह भी लिख दिया कि ऋषभ पंत ने उन्हें गले से लगाया, जिसके बाद से ही पूरा विवाद शुरू हुआ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले को बायो-बबल के नियमों के खिलाफ माना है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया फिलहाल किसी नतीजे पर तो नहीं पहुंचा है, लेकिन वह इस मामले में बेहद ही गंभीरता के साथ जांच कर रहा है। इन खिलाड़ियों पर क्या कार्रवाई होगी इस पर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन सभी को कोरोना जांच से गुजरना पड़ सकता है।
रेस्त्रां में मौजूद भारतीय क्रिकेटर्स
- फोटो : ट्विटर
मामला प्रकाश में आते ही विश्व क्रिकेट में तहलका मच गया। बदनामी होते देख भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने आनन-फानन में पूरी खबर को ही बकवास बता दिया। रिपोर्ट्स को निराधार बताते हुए बोर्ड ने इसे ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के एक समूह का दुर्भावनापूर्ण प्रयास करार दिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था कि मेहमान टीम कोविड-19 नियमों से अच्छी तरह वाकिफ है और उसने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है। अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, ‘नहीं, जैविक रूप से सुरक्षित नियमों का कोई उल्लंघन नहीं किया गया है। टीम से जुड़ा प्रत्येक व्यक्ति नियमों से अच्छी तरह वाकिफ है।’
भारत ने मेलबर्न में दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराया जिससे एडिलेड में करारी हार के बाद भारत ने जोरदार वापसी की। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने रेस्टोरेंट में जाने को जैविक रूप से सुरक्षित माहौल से जुड़े नियमों का उल्लंघन करार दिया था, लेकिन उनकी खबर में बीसीसीआई, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया या भारतीय टीम प्रबंधन से जुड़े किसी व्यक्ति का कोई बयान नहीं था। सिडनी में तीसरा टेस्ट सात जनवरी से शुरू होगा।