उद्योगपति रतन टाटा ने देश में तथाकथित तौर पर बढ़ती असहिष्णुता पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि देश में जो माहौल दिख कहा है वह अभिशाप के समान है। रतन टाटा सिंधिया स्कूल के 119वें स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार रात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के विचारों का समर्थन करते हुए टाटा ने कहा कि मैं समझता हूं कि हर कोई यह जानता है कि असहिष्णुता कहां से आ रही है और यह क्या है। टाटा ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने असहिष्णुता के बारे में बात की है। यह एक अभिशाप के समान है।
उन्होंने कहा कि हम ऐसे वातावरण में रहना चाहते हैं जहां हम अपने साथियों और आसपास के लोगों को प्यार कर सकें। इससे पहले सिंधिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में असहिष्णुता का माहौल है। ऐसा वातावरण बन गया है कि हर किसी को कहा जा रहा है कि उन्हें क्या बोलना है, क्या सुनना है, क्या पहनना है और क्या खाना है।