उ्त्तर प्रदेश सरकार की तरफ से मजदूरों को दी जाने वाली दस रुपये की थाली जेल में तैयार होगी। प्रदेश में कानपुर और उन्नाव में पायलट प्रोजेक्ट के तहत मजदूरों का खाना जेल में बनाने की शुरुआत जल्द होगी। इसकी तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अभी कानपुर के 260 मजदूरों ने जेल का खाना खाने की मंजूरी दी है। यहां कुल 1400 मजदूर रजिस्टर्ड किए गए हैं।
प्रदेश सरकार मध्याह्न भोजन सहायता योजना चालू कर रही है। इसके तहत मजदूरों को दस रुपये में भरपेट भोजन दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड लखनऊ के सचिव और आईआरसीटीसी के बीच मजदूरों का खाना जेल में बनवाने का समझौता हुआ है। यह योजना अभी कानपुर और उन्नाव में लागू होगी। सफलता मिलने पर पूरे प्रदेश में लागू होगी।
शहर के 14 स्थानों पर काम करने वाले 1400 मजदूर रजिस्टर्ड हैं। इन्हें दस रुपये थाली भोजन दिया जाना है। श्रम विभाग 15 स्थान चयनित करेगा जहां मजदूरों को भोजन बांटा जाएगा। जेल अधीक्षक वीके मिश्रा ने बताया कि जेल को प्रति टिफिन के हिसाब से 40 रुपये मिलेगा। इसमें टिफिन मजदूरों तक पहुंचाने का भाड़ा भी शामिल है। शुरुआत में 260 मजदूरों का खाना तैयार होगा। इसके बाद डिमांड के आधार पर संख्या बढ़ाई जाएगी।