जेडीएस के संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कहा कि 'दिवालिया कर्नाटक सरकार' 'गृह लक्ष्मी' योजना को बंद कर देगी। इस पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने सोमवार को कहा कि भाजपा और जेडीएस हमेशा से राज्य में कांग्रेस सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी गारंटियों को बंद करना चाहते थे।
विज्ञापन
गृह लक्ष्मी योजना कांग्रेस सरकार की पांच गारंटियों में से एक है, जिसके तहत बीपीएल परिवारों की महिला मुखियाओं को 2,000 रुपये दिए जाते हैं।
कांग्रेस सरकार ने खजाना खाली किया: जेडीएस
रविवार को एक चुनावी रैली में जेडीएस के संरक्षक ने कहा, 'कांग्रेस सरकार ने खजाना खाली कर दिया है। पूरे राज्य में महिलाओं के बैंक खातों के लिए कोई गृह लक्ष्मी फंड नहीं है, लेकिन उन्होंने (कांग्रेस ने) चुनाव को ध्यान में रखते हुए चन्नपटना निर्वाचन क्षेत्र की महिलाओं के खातों में विशेष रूप से पैसे जमा किए हैं।'
अपने पोते का कर रहे प्रचार
गौड़ा अपने पोते निखिल कुमारस्वामी के लिए वोट मांगने चन्नपटना में थे, जो जेडीएस के टिकट पर विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, 'यह सरकार दिवालिया हो चुकी है। चुनाव के बाद वे फिर से पैसा जमा करना बंद कर देंगे। उनके पास बंगलूरू में गड्ढे भरने के लिए भी पैसे नहीं हैं। लोग गुस्से में हैं।'
विज्ञापन
शिवकुमार ने दी प्रतिक्रिया
टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवकुमार ने कहा, 'देवगौड़ा ने कहा था कि गृह लक्ष्मी गारंटी बंद कर दी जाएगी। वह इतनी अच्छी योजना पेश करने के लिए भाग्यशाली नहीं हैं। हम अपनी माताओं और बहनों को उनका जीवन आसान बनाने के लिए यह दे रहे हैं, लेकिन भाजपा और जेडीएस इसे छीनना चाहते हैं।'