कोरोना महामारी में नौकरियां गंवाने वाले राज्य कर्मचारी बीमा निगम (ईएसआईसी) के अंशधारक को अटल बीमित कल्याण योजना के तहत बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। इन अंशधारकों को उनके वेतन की 50 फीसदी राशि मिलेगी।
श्रम मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि हाल ही में अटल बीमित योजना का दायरा एक साल और बढ़ाया गया है। ईएसआईसी ने प्रभावित कामगारों को योजना के तहत आवेदन करने का निर्देश दिया है। अंशधारक फिजिकल तरीके के साथ ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। इसमें आधार कार्ड की फोटोकॉपी, बैंक खाते का विवरण और एक शपथ-पत्र संबंधित ईएसआईसी शाखा में डाक के जरिये या खुद उपस्थित होकर देना होगा।
कोविड-19 में नौकरियां गंवाने वालें को वेतन का 50 फीसदी मिलेगा भुगतान
इससे पहले श्रम मंत्रालय ने अटल बीमित कल्याण योजना का दायरा एक साल बढ़ाकर 30 जून, 2021 कर दिया था। मंत्रालय ने कहा कि योजना के तहत दिया जाने वाला बेरोजगारी भत्ता भी पूर्व के 25 फीसदी से दोगुना कर दिया गया है। अब बेरोजगार हुए कामगारों को उनके वेतन का 50 फीसदी तक भुगतान किया जाएगा। साथ ही अब नियोक्ता के जरिये क्लेम की जरूरत नहीं होगी, बल्कि बेरोजगार खुद ईएसआईसी शाखा में आवेदन कर सकेगा।