राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पहले महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने रविवार को समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिलाधिकारियों को सभी मंदिरों में सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जिलाधिकारियों को राज्य के सभी मंदिरों में सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ उन्होंने 22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले एक हफ्ते के भीतर मंदिरों में बदलाव को सुनिश्चित करने की अपील की है।
विज्ञापन
सीएम शिंदे ने की बैठक
रविवार को सीएम शिंदे ने इसे लेकर अपने दफ्तर में एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिरों को साफ रखने का आह्वान किया है। महाराष्ट्र में जिलाअधिकारियों को सभी मंदिरों में सफाई अभियान चलाना चाहिए और मंदिरों को इलेक्ट्रिक लाइट से सजाना चाहिए। बदलाव एक हफ्ते के भीतर नजर आना चाहिए।'
सीएम शिंदे ने कहा, 'प्रत्येक जिले के जिला योजना और विकास परिषद (डीपीडीसी) को मंदिरों और उसके आसपास की सफाई के लिए नियमित अंतराल पर कुछ धन आवंटित करना चाहिए।' उन्होंने बताया कि डीपीडीसी एक विशेष योजना के माध्यम से धन आवंटित कर सकती है। सीएम ने राज्य के राजस्व विभाग को इस काम की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का भी निर्देश दिया है।