तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद केडी सिंह की 238 करोड़ रुपये की संपत्ति को पोंजीं स्कीम के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कुर्क कर दिया है। यह कार्रवाई सेबी की रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुई एफआईआर के बाद हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईडी ने मनी लांडरिंग एक्ट के तहत अलकेमिस्ट ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ कार्रवाई की। जिसमें केडी सिंह के कुफरी स्थित रिजॉर्ट, चंडीगढ़ के शोरूम और हरियाणा स्थित संपत्ति और बैंक अकाउंट भी शामिल हैं जिन्हें कि कुर्क कर दिया गया है। केडी सिंह भारतीय हॉकी महासंघ और हॉकी एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के अध्यक्ष भी हैं। उनका राजनीतिक और व्यावसायिक करियर कई बार विवादों में फंसा है।
यह है मामला
बाजार पर नजर रखने वाली संस्था सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया ने पिछले साल यह आरोप लगाया था कि अलकेमिस्ट समूह के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कथित तौर पर बेईमानी से 100 मिलियन डॉलर की राशि निकालकर देश छोड़ने की फिराक में हैं। प्रवर्तन निदेशालय पहले से ही अलकेमिस्ट समूह के कथित पोंजी ऑपरेशन की जांच कर रहा था।
कलकत्ता हाईकोर्ट में जमा करवाए अपने दस्तावेज में मार्केट वाचडॉग ने आरोप लगाया था कि सिंह मुंबई बेस्ड परिवार के समूह की मदद से ग्रीस में संपत्ति खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया था कि अलकेमिस्ट समूह टैक्स हैवन में स्थित विदेशी कंपनियों को लक्षित कर रहा है। इसके लिए सेबी ने उन विदेशी कंपनियों के नेटवर्क के बारे में बताया था जिसे सिंह ने कथित तौर पर विकसित किया है।