नोटबंदी के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में संदिग्ध लेन-देन की आई बाढ़ के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। ईडी कई संदिग्ध लेन-देन की जांच कर रहा है। इसमें मुंबई के एक दर्जन से अधिक सहकारी बैंकों में 1596 करोड़ के पुराने नोट जमा कराने का मामला भी शामिल हैं।
इसके अलावा ईडी इलाहाबाद बैंक में 205 नए खाते खोले जाने की भी जांच कर रहा है। इन खातों के जरिए पुराने नोट को नए नोट में बदलने का आरोप है। उधर, आयकर विभाग ने दिल्ली के एक सहकारी बैंक में 120 करोड़ रुपये की अनियमितता पकड़ी है।
इस बीच, पुलिस ने राजस्थान के कोटा में 9.2 लाख रुपये की नकदी के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कथित रूप से यह राशि शहर में ‘हवाला’ लेन-देन के लिए लाई गई थी। इस मामले में सुरेंद्र शर्मा (40) और ओमप्रकाश सोनी (35) को बृहस्पतिवार शाम सब्जी मंडी इलाके के पास से गिरफ्तार किया गया है।