प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के चर्चित कोयला घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनीतिक परामर्श कंपनी आई-पैक के निदेशक विनेश चंदेल को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है।
महीने की शुरुआत में ईडी ने की थी छापेमारी
इससे पहले 2 अप्रैल को ईडी ने दिल्ली में चंदेल से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। साथ ही आई-पैक के एक अन्य को-फाउंडर और डायरेक्टर ऋषि राज सिंह के बंगलूरू स्थित ठिकानों और आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व संचार प्रभारी विजय नायर के मुंबई स्थित परिसरों की भी तलाशी ली थी।
इससे पहले 8 जनवरी को केंद्रीय एजेंसी ने आई-पैक के दफ्तर और इसके संस्थापक व निदेशकों में शामिल प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास पर भी छापेमारी की थी। उस समय मामला तब सुर्खियों में आया था, जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गई थीं।
ईडी की यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा नवंबर 2020 में दर्ज एफआईआर पर आधारित है। इस एफआईआर में पश्चिम बंगाल के कुनुस्तोरिया और काजोरा (आसनसोल के पास) स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित कोयला चोरी घोटाले का जिक्र है।
हवाला कनेक्शन का भी दावा
जांच एजेंसी के अनुसार, इस कथित कोयला तस्करी गिरोह से जुड़े एक हवाला ऑपरेटर ने आई-पैक की कंपनी इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के लिए करोड़ों रुपये के लेन-देन में भूमिका निभाई थी। ईडी अब इस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।