सार
मुंबई में एक बार फिर बम धमाकों की धमकी वाला ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। इसमें एयरपोर्ट, पीएनबी शाखा, मेयर कार्यालय, महालक्ष्मी स्टेडियम और अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा का नाम शामिल है। ईमेल में धमाके के लिए अलग-अलग तारीखों और खालिस्तान का भी जिक्र किया गया। आखिर धमकी किस ईमेल खाते से भेजी गई? क्या था धमाके का समय और किन जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई? आइए, विस्तार से मामले को समझते हैं...
मुंबई में गुरुवार को एक बार फिर बम धमाकों की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। धमकी भरे ईमेल में मुंबई एयरपोर्ट, मेयर कार्यालय, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई। इसके अलावा शहर के कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी हमले की चेतावनी दी गई। ईमेल मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। हालांकि, धमकी की वास्तविकता और इसे भेजने वाले की पहचान तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी।
एक अधिकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर एक ईमेल खाते से धमकी भेजी गई। यह ईमेल पीएनबी के मुंबई जोनल कार्यालय, कफ परेड स्थित लोकल क्राइम ब्रांच और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार स्थित बैंक शाखा को भेजा गया था। ईमेल के विषय में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर मुंबई में पीएनबी की एक शाखा में बम धमाके की बात लिखी गई थी। इसके साथ ही 27 नवंबर और 31 दिसंबर की तारीखों का भी जिक्र किया गया था।
किन-किन जगहों को निशाना बनाने की धमकी दी गई?
- ईमेल में मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बम धमाके करने की चेतावनी दी गई थी। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, महालक्ष्मी स्टेडियम, अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' और मेयर का कार्यालय शामिल हैं।
- इसके अलावा मुंबई के बैंकों को भी धमकी में शामिल किया गया। इस तरह धमकी देने वाले ने शहर के सार्वजनिक स्थानों, बैंक और एक प्रमुख अभिनेता के आवास का नाम लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी।
ईमेल में खालिस्तान का जिक्र क्यों?
अधिकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान और 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' नाम के एक कथित संगठन का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, इस नाम से संगठन के वास्तव में मौजूद होने या धमकी से उसके किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। ईमेल भेजने वाले की असली पहचान भी तत्काल सामने नहीं आई। अधिकारियों के सामने फिलहाल यह पता लगाना अहम है कि धमकी किसने भेजी और इसमें लिखी गई बातें कितनी वास्तविक हैं।