मिजोरम के संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी जोराम्मुआना ने कोलासिब जिले के उपायुक्त को उन ब्रू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का निर्देश दिया है जिन्हें जन सुनवाई के बिना ही लिस्ट में शामिल किया गया था।
जोराम्मुआना ने इस बारे में उपायुक्त डॉ. अरुण टी. को एक पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि किसी ब्रू मतदाता का नाम सूची में शामिल करने से पहले गैर सरकारी संगठनों और स्थानीय नेताओं की मौजदूगी में सुनवाई होनी चाहिए ताकि वे उनके स्थानीय निवासी होने की पुष्टि कर सकें।
बता दें कि कोलासिब जिले में 218 ब्रू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए गए हैं। वह लोग त्रिपुरा में शरणार्थी शिविरों में रहते हैं। इस बीच, कोआर्डिनेशन कमेटी की कोलासिब शाखा ने ब्रू वोटरों के नाम बिना सुनवाई के सूची में शामिल करने पर उपायुक्त से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा है।