निर्वाचन आयोग (ईसी) ने बुधवार को कहा कि जिन 12 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है, वहां मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ-स्तरीय एजेंट को मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। नौ राज्यों और तीन केंद्र-शासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूची 16 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।
आयोग ने सभी प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) को बूथ-वार अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत या डुप्लिकेट मतदाताओं की सूची बूथ-स्तरीय एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा करने को कहा है। ये वे मतदाता हैं जिनसे बूथ-स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) तीन प्रयासों के बावजूद संपर्क स्थापित नहीं कर सके। आयोग ने बिहार एसआईआर के दौरान भी यही प्रक्रिया अपनाई थी।
कोलकाता: बीएलओ को गाली देने पर शख्स के खिलाफ एफआईआर
चुनाव आयोग (ईसी) ने बुधवार को कोलकाता के एक व्यक्ति के खिलाफ बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) को धमकाने और गाली देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने मतदाता से जुड़े फॉर्म पर संपर्क करने पर बीएलओ के साथ अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और उसे धमकी दी। बीएलओ की शिकायत के बाद जादवपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी के पास कोलकाता के बाहर सहित कई पतों से जुड़े फर्जी वोटर कार्ड हैं। चुनाव आयोग इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई कर रहा है।