चुनाव आयोग ने ईवीएम को लेकर मचे बवाल पर चुप्पी तोड़ते हुए साफ किया है कि ईवीएम मशीन में किसी प्रकार की कोई छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है। ईवीएम मशीन और चुनावों में शुचिता रखने के लिए टेक्निकल और प्रशासनिक स्तर पर पूरी तरह से सावधानी रखी जाती है।
जिन राजनितिक दलों या फिर व्यक्तियों के पास ऐसा कोई सबूत हैं, जिससे साबित होता हो कि ईवीएम में छेड़छाड़ हो सकती है, तो वो इनको लेकर के आये। आयोग इन सबूतों को गंभीरतापूर्वक देखने के बाद ही किसी तरह का कोई निर्णय लेगा।
विपक्षी दलों ने जताई थी ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका
विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद बसपा, कांग्रेस, सपा और आप ने ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत की थी। भाजपा पर ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) में गड़बड़ी का आरोप लगाने वाली बसपा सुप्रीमो मायावती का कहना है कि वह इस मामले पर चुप नहीं बैठेंगी और कोर्ट में अपील करेंगी।
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत की गई थी, लेकिन वहां से मिला जवाब संतोषजनक नहीं है। अब हम कोर्ट जाएंगे और ईवीएम से चुनाव व्यवस्था को खत्म करने व बैलेट के जरिए मतदान की व्यवस्था शुरू कराने का अनुरोध करेंगे।